मध्य प्रदेश के सीधी में आदिवासी शख्स पर पेशाब करने के मामले में आरोपी प्रवेश शुक्ला पर कार्रवाई हो रही है। प्रवेश शुक्ला के घर बुलडोजर चल चुका है और वहीं आरोपी को खुद मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर बुलाकर सम्मानित किया है। हालांकि सोशल मीडिया पर लोगों ने शिवराज सिंह चौहान की सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने भी एक ट्वीट किया था, जिसके लिए उन पर FIR दर्ज करवाई गई है।
नेहा सिंह राठौर ने शेयर किया पोस्ट, दर्ज हुई FIR
नेहा सिंह राठौर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक विवादित ट्वीट पोस्ट किया था, जिसमें आरएसएस का ड्रेस पहने एक व्यक्ति सामने बैठे व्यक्ति पर पेशाब करता दिखाई पड़ रहा है। इस घटना को सीधी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी ट्वीट को लेकर नेहा सिंह राठौर पर केस दर्ज किया गया है।
FIR दर्ज होने पर क्या बोलीं नेहा सिंह राठौर?
खुद नेहा सिंह राठौर ने केस दर्ज किये जाने की जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा की है। उन्होंने लिखा, “मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भाजपा नेता ने आदिवासी व्यक्ति के सिर पर पेशाब की। इस घटना की आलोचना करने पर मेरे विरुद्ध FIR दर्ज करवा दी गई है। मैंने आदिवासी व्यक्ति के ऊपर पेशाब करने का विरोध किया तो भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी ने मेरे खिलाफ FIR दर्ज़ करवा दी।”
सोशल मीडिया पर अन्य लोगों की प्रतिक्रियाएं
@satya_AmitSingh यूजर आईडी से ट्वीट कर लिखा गया, ‘FIR आलोचना करने की वजह से नहीं बल्कि बेशर्मी से संघ का अपमान करने की वजह से हुई है।’ एक यूजर ने लिखा, ‘FIR आलोचना करने हेतु नहीं बल्कि “प्रोपेगैंडा” के तहत एक संस्था विशेष को इस दुखद घटना से जोड़ कर सोशल मीडिया पर अत्यंत आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट कर लोगों को भड़काने और संस्था विशेष की छवि को धूमिल करने के लिए किया गया है।’
एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘केवल ये लोग आपका हौसला तोड़ना चाहते हैं लेकिन हम लोग तोड़ने नहीं देंगे।’ वर्मा जी नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘किसी एक व्यक्ति की गलती के लिए आप पूरे समाज या किसी संगठन को जि़म्मेदार कैसे कह सकती हैं। अभिव्यक्ति के भी कुछ दायरे होते हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘मैडम FIR आलोचना करने के लिए नहीं, RSS को बदनाम करने के लिए किया गया है। आपने जानबूझकर उस व्यक्ति को RSS का बताया है जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।’
बता दें कि सीधी में प्रवेश शुक्ला नाम का शख्स से एक आदिवासी समाज के व्यक्ति पर पेशाब करता हुआ पाया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। आरोपी शख्स को बताया गया कि वह भाजपा से जुड़ा हुआ है, इसके बाद विपक्षी दल के नेताओं ने भाजपा पर हमला करना शुरू कर दिया।
