उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी समाजवादी पार्टी इन दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर वाली कार्रवाई पर जमकर हमला बोल रही है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, इस तरह की कार्रवाई सभी सरकारों में होती है।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में अपर्णा यादव ने कहा, विपक्ष का धर्म होने के कारण सरकार की आलोचना की जाती है। जो भी सत्ता में होता है उसका विरोध होता ही है। जब उनसे माफियाओं पर हो रही कार्रवाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ऐसा सभी सरकारें करती हैं। अखिलेश यादव ने भी ऐसी कार्रवाई करते हुए डीपी यादव को पार्टी में नहीं आने दिया था।
विकास दुबे कांड का जिक्र करते हुए उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा ब्राह्मण विरोधी है? तो अपर्णा यादव ने इसे राजनीतिक समीकरण साधने के लिए उठाया गया कदम बताया।
उन्होंने कहा, मैं कभी जाति और धर्म को लेकर बात नहीं करती हूं। उनसे पूछा गया कि समाजवादी पार्टी इस बार नई सपा और नई हवा के नारे के साथ चल रही है? क्या इस बार अपर्णा यादव चुनाव लड़ेंगी? तो कहा कि अगर मुलायम सिंह यादव टिकट देंगे तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा के लखीमपुर खीरी जाने पर उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस समाजवादी पार्टी के लिए यूपी में खतरा बन रही है? तो अपर्णा ने कहा, राज्य में कांग्रेस का पतन हो रहा था। अब उनके सक्रिय होने से यूपी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक नई जान आएगी। उल्लेखनीय है कि अपर्णा यादव ने पिछला विधानसभा चुनाव लखनऊ की कैंट सीट से लड़ा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
