उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी प्रकरण में मृतकों के परिजनों से आज मुलाकात करने जाएंगे। इससे पहले ही उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए एक ट्वीट किया है। लखीमपुर की घटना के बाद वायरल हो रहे वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने बीजेपी को दंभी सरकार बताया है। उन्होंने कहा है कि BJP को सत्ता के दंभ का मोतियाबिंद हो गया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा है कि ‘लखीमपुर हत्याकांड’ में नये वीडियो साक्ष्यों के बावजूद भी भाजपा सरकार को कुछ नज़र नहीं आ रहा है। भाजपा को सत्ता के दंभ का मोतियाबिंद हो गया है। भाजपा सरकार में दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की ये निष्क्रियता स्वयं में आपराधिक है। इसके साथ ही उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और घोर निंदनीय भी कहा है।
अखिलेश यादव के ट्वीट पर तमाम लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। @sunny58175590 टि्वटर हैंडल से लिखा गया, मैंने अपनी लाइफ में यह पहली बार देखा। यह ऐसी सरकारें हैं जिन्होंने लोगों को बंदी बनाया…. लोगों को एक जगह पर जाने से रोका है। किसी भी सरकार ने कभी भी इस तरह का काम नहीं किया है।
@b445fb8786584fc टि्वटर हैंडल से कमेंट आया कि अखिलेश जी जवाहर बाग कांड आपके रहते ही हुआ था। उसमे 29 व्यक्तियों की मौत, अवैध असलहे, सिलेंडर आदि न जाने कितना सामान मिला था। यहां तक कि कब्जा भी अवैध था। ये एक दिन, एक महीने में नही वर्षो में हुआ था। तब क्या मोतियाबिंदु था? क्या कार्यवाही की गई थी। जबकि उसमे आपके प्रिय लोग मिले हुए थे। @AzeemAhmadPasha टि्वटर हैंडल से लिखा गया, नेता जी ज़मीनी स्तर पर कुछ कर लो।
जानकारी के लिए बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखीमपुर जाने से पहले मीडिया से बात करते हुए यूपी में हाल में ही हुई कई अपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अभी तक किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को पुलिस और सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना में आरोपी बनाए गए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे को लेकर कहा कि क्या सरकार उनको गिरफ्तार करवाएगी?