पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बुरी तरह हार हुई है। इस हार के कारण कुछ कार्यकर्ताओं का मनोबल भी टूटा है। दिल्ली में अब कांग्रेस की हार पर मंथन शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में ये साफ होगा कि कांग्रेस अब कैसे अपनी लड़ाई आगे बढ़ाती है। इसी बीच मध्य प्रदेश में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने विधानसभा चुनाव में मिली हार के कारण अपना सिर तक मुंडवा लिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता ने मुंडवाया अपना सिर: मध्य प्रदेश के राजगढ़ के रहने वाले एक कार्यकर्ता ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में कांगेस का प्रदर्शन देखकर अपना सिर मुंडवा लिया है। उन्होंने वादा किया था कि चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी, अगर ऐसा नहीं हुआ तो वो बीच चौराहे पर सिर मुंडवा लेंगे।

सिर मुंडवाकर पूरा किया वादा: मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ जिले के लखनवास मंडलम के अध्यक्ष बाबू मीणा है। कांग्रेस की हार के बाद बाबू मीणा ने बीच चौराहे पर दाढ़ी, मूंछ और सिर मुंडवाकर अपना वादा पूरा है। उन्होंने दावा किया था कि 4 राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी और एक राज्य में सपा की सरकार बनेगी।

इससे पहले भी बाबू मीणा दिग्विजय सिंह के सामने अपनी बात रखने को लेकर सुर्खियों में आए थे। दिग्विजय सिंह के सामने अपनी बात रखते हुए बाबू मीणा ने कहा था कि “मैं पार्टी के काम के लिए एक जेब में रोटी और दूसरी जेब में दवाई लेकर चलता हूं। उसके बावजूद जब भी कांग्रेस के विधायक बनते हैं, तो हमारा मजाक उड़ाया जाता है।”

गौरतलब है कि पांच राज्यों में हुई विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। हालत तो ये रही कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सिर्फ दो सीट ही जीत पाई। इसी को लेकर दिल्ली में रविवार को कांग्रेस वर्किग कमेटी की बैठक भी होने वाली है। इसी बीच सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के इस्तीफे की अफवाह भी उड़ी लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसे खारिज कर दिया। इससे पहले कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति की बैठक हुई। इस बैठक में शामिल हुए कांग्रेस नेताओं ने यूक्रेन से छात्रों की वापसी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के लिए एमएसपी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने पर चर्चा की।