देश का नाम बदले जाने की चर्चा हो रही है। विपक्ष आरोप लगा रहा है कि गठबंधन ‘INDIA’ के नाम के डर से ही सरकार देश का नाम बदलना चाहती है। विपक्ष के कई नेताओं ने सरकार की आलोचना की है। आलोचना करने वालों में कांग्रेस के नेता, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का नाम भी शामिल है। हालांकि अब लालू प्रसाद यादव का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है।

‘दिल्ली तो इंडिया है, हम भारत (पटना) में रहते हैं’

लालू प्रसाद यादव पटना स्थित अपने आवास पर एक चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे। इस इंटरव्यू के दौरान लालू प्रसाद यादव दातून कर रहे थे। उनसे पूछा गया कि दिल्ली में तो दातून नहीं मिलता होगा? इस पर उन्होंने कहा कि नहीं वहां नहीं मिलता। इसके बाद लालू प्रसाद यादव ने कहा कि दिल्ली तो इंडिया है, हम भारत (पटना) में रहते हैं। इंडिया में नहीं मिलता है।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

अब जब राजद के नेता (तेजस्वी यादव समेत) देश का नाम बदले जाने की चर्चा पर सरकार पर हमलावर हैं तो लोग इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। अनुराग ने लिखा, ‘सिर्फ नेता जी ही नहीं, नेताजी के रिश्तेदार लालू जी भी भारत होने का अर्थ समझाते थे। वक्त वक्त की बात है, आज इंडिया के सपोर्ट में हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘लालू प्रसाद यादव ‘भारत’ की वकालत कर रहे हैं, इसपर क्या बोलेंगे तेजस्वी यादव?’

अमित तिवारी ने लिखा, ‘लालू जी अब ये बात नहीं कहेंगे, जानते है कि अब कहेंगे तो मोदी समर्थन हो जाएगा। और गठबंधन की नाव डूब जाएगी।’ एक अन्य ने लिखा, ‘अगर सरकार की नियत साफ होती तो वो 2014 के मैनिफेस्टो में सविधान में इंडिया की जगह भारत जोड़ने का वादा करती, 2014 से सरकार में है, आज 2023 है, इतने समय तो सविधान में इंडिया की जगह भारत क्यों नहीं जोड़ा?’

बता दें कि देश का नाम बदले जाने की चर्चा पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री कहां-कहां से इंडिया शब्द हटाएंगे। पीएम के जहाज में भी इंडिया है। भाजपा इंडिया नाम से इतना क्यों डरी हुई है? तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी इंडिया गठबंधन से डर गये हैं।