2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में सभी दल लगे हुए हैं। बिहार में राजनीतिक समीकरण बदलते ही लालू प्रसाद यादव भी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। लालू प्रसाद यादव ने एक सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव में सभी दलों को कांग्रेस का साथ देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जो ऐसा नहीं करेगा तो देश उसे माफ नहीं करेगा। इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर बोला हमला
लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मैं कहना चाहता हूं कि सभी को एकता के साथ रहना होगा। पूरे समाज को धार्मिक रंग में रंग दिया गया है। हिंदू मुसलमान किया जा रहा है। जब से भाजपा आई है तब से खूब महंगाई है। लालू यादव ने कहा कि इन्होने कहा था कि सरकार आएगी तो काला धन लाएंगे और लोगों को 15 लाख रूपये मिलेंगे। बताओ कि वो पैसा कहां गया?
“हम सभी को कांग्रेस के साथ आना होगा”
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा को अब पूरा देश समझ गया है। देश भर की तमाम पार्टियां को मिलकर, एकता के साथ बड़े दल कांग्रेस के साथ आना पड़ेगा और जो नहीं आएगा उसे देश माफ नहीं करेगा, जनता माफ़ नहीं करेगी। हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं। जब-जब हम लोग उठने की कोशिश करते हैं तो ईडी और सीबीआई लेकर आते हैं और डराते हैं। हम छापे से डरने वाले नहीं है, हम छाप देंगे!
लालू प्रसाद यादव के बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दे दिया। दिग्विजय सिंह ने लिखा कि धन्यवाद लालू जी, एक सुझाव है। एक दिन के लिए आप यदि भारत जोड़ो यात्रा में कुछ समय के लिए शामिल हों तो अच्छा संदेश जाएगा। दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर एक यूजर ने लिखा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सिर्फ और सिर्फ़ कांग्रेस की यात्रा है, राहुल गांधी की यात्रा है। कृपया करके इसे ‘पंचायत’ की यात्रा या मलाई के लिए यात्रा ना बनाई जाए।
@SShaurya19 यूजर ने लिखा कि नीतिश से कहते तो समझ में आता, लालू से क्यों? जिससे साफ संदेश जाए कि भ्रष्टाचारियों का कुनबा एक साथ आ रहा है? 125 करोड़ में 1 लालू ही दिखाई दिए? @prsingh02 यूजर ने लिखा कि लालू यादव जी ने कहा कि भारत के विपक्षी दलों को कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुड़ने की जरूरत है, तभी आपका और देश का भला होगा। भारत जोड़ो यात्रा का असर दिखना शुरू हो गया। एक अन्य यूजर ने लिखा कि लालू जी को ही आप क्यों आमंत्रित करना चाहते हैं? और भी कई बड़े और अच्छे, साफ़ सुथरी छवि वाले नेता हैं, उनको बुलाइए।