उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अक्सर ही अपने सोशल मीडिया के जरिए कटाक्ष करते रहते हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में उनकी उपलब्धि केवल ‘गले पड़ना’ या ‘आंख मारने’ की रही। यूपी डिप्टी सीएम द्वारा किए गए ट्वीट पर लोगों ने भी कमेंट किए।

केशव प्रसाद मौर्य ने यूं कसा तंज

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर कटाक्ष कर लिखा कि, ‘भारत जोड़ो यात्रा के पहले थी राहुल गांधी जी 18 साल की संसदीय यात्रा भी कर चुके हैं। जिसमें उनकी उपलब्धि केवल ‘गले पड़ना’ या ‘आंख मारने’ की रही है। संसद में गंभीर विषय पर चर्चा करने से भागते या मुंह छुपाते ही दिखते हैं।’

लोगों की प्रतिक्रियाएं

प्रणा चौधरी नाम के एक यूजर ने राहुल गांधी की कई तस्वीरें साझा कर लिखा कि आप आत्ममुग्धता और अंधभक्ति के शिकार हैं। राहुल जी की राजनीतिक उपलब्धि आपको भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सभी वर्गों के लोगों द्वारा मिले असीम प्रेम के रूप में दिख रही होगी। कपिल शर्मा नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘गांधी परिवार की गरिमा आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर है।’ चंदन नाम के एक यूजर ने पूछा कि आपको कोई और काम नहीं है क्या?

शिवम यादव नाम की एक यूजर ने लिखा कि अरे कब तक राहुल गांधी का नाम लेते रहोगे। आपके लिए तो अखिलेश यादव ही काफी हैं। शैलेंद्र नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया, ‘ एकदम सही कहा आपने। गंभीर मुद्दों पर खुलकर मन की बात और प्रेस कॉन्फ्रेंस सिर्फ मोदी जी ही करते हैं। उन्होंने इन सब से कभी मुंह नहीं छुपाया है। इस मामले में मोदी जी अव्वल रहे हैं और उनकी उपलब्धियां भी अनगिनत हैं।’ रमेश नाम के एक यूजर लिखते हैं कि आपकी जलन साफ दिखाई देती है।

जब पीएम को राहुल गांधी ने लगा लिया था गले

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 2018 में संसद में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोलते – बोलते पीएम मोदी से गले में लाए थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। राहुल गांधी जब गले मिलकर आए तो पक्ष के लोग उन पर कटाक्ष करने लगे। इस बीच राहुल गांधी ने आंख मार दी थी।