राहुल गांधी ने नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली (Bharat Jodo Yatra, Delhi) पहुंच चुकी है। कन्याकुमारी से लेकर दिल्ली पहुंचे तक राहुल गांधी (Rahul Gandhi T Shirt) सिर्फ टीशर्ट में नजर आये। कई बार इस पर सवाल उठाये गये कि क्या राहुल गांधी को ठंड नहीं लगती है? अब यात्रा के दिल्ली पहुंचने पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने इस पर जवाब दिया है। कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा कांग्रेस को शिकार बनाती है, मैं खुद उसका शिकार रहा हूं। भाजपा पहले इस यात्रा को इग्नोर करना चाहती थी लेकिन वो अपने प्लान में फेल हो गई।

कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी पर दिया ये जवाब

एनडीटीवी से बात करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि हम विज्ञान को मानने वाले लोग हैं, अगर कोरोना को लेकर कोई प्रोटोकॉल बनाया जाएगा तो हम सभी उसका पालन करेंगे। पीएम मोदी (PM Narendra Modi) भी उसका पालन करेंगे। कोरोना बहाना नहीं बीमारी है। उसको बहाना ना बनाएं। कन्हैया कुमार से पूछा गया कि भाजपा आरोप लगा रही है कि राहुल गांधी यात्रा विश्राम के दौरान विदेश जाने वाले हैं? इस पर कन्हैया कुमार ने कहा कि अगर राहुल गांधी विदेश गये तो हम लोग माफ़ी मागेंगे और नहीं गए तो क्या भाजपा के लोग और प्रहलाद जोशी माफ़ी मागेंगे।

‘कंटेनर की सर्विसिंग जरूरी है’

कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा बदनाम करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है, उनके पास कुछ नहीं बचा है। हमारा कंटेनर को अब देश अलग हिस्सों में जाना है तो उसके लिए सर्विसिंग जरूरी है। उनको क्या पता देश के इतिहास और भूगोल के बारे में? इंसान 3000 किमी चलकर आया है, पत्थर पर लेटर कर थोड़ी आया है। इसी बीच जब कन्हैया कुमार से पूछा गया कि राहुल गांधी ठंड नहीं लगती क्या?

कन्हैया कुमार ने इसके जवाब में कहा कि राहुल गांधी को भाजपा से विशेष लगाव है। भाजपा राहुल गांधी पर सबसे ज्यादा नफरती हमले करती है। उन्होंने कहा कि जब आप ज्यादा हमले सहते हैं तो शरीर प्रूफ हो जाता है। कन्हैया कुमार ने कहा कि कन्याकुमारी से चलते हुए हम दिल्ली पहुंच गए हैं। अगर महंगाई, बेरोजगारी से मुक्ति पानी है तो हमने मिलजुल कर रहना होगा।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर की सुबह दिल्ली पहुंची, जहां राहुल गांधी ने आश्रम चौक स्थित जयराम आश्रम में सियाराम दरबार के दर्शन किए। इसके बाद वाज हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पहुंचे और चादर चढ़ाई। दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ देखने को मिली। 24 दिसंबर को यात्रा दिल्ली में रुकेगी और फिर 3 जनवरी को यह यात्रा दोबारा शुरू होने वाली है।