उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के लिए मेस में बनने वाले खाने की जांच करने पहुंचे एसपी भड़क गए। उन्होंने वहां पर देखा कि जवानों को कच्ची रोटियां परोसी जा रही थी और दाल में पानी ही दिखाई दे रहा था। मैनपुरी पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने नाराजगी जताते हुए जमकर फटकार लगाई। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कई तरह के सवाल उठाए।
जानिए पूरा मामला
मैनपुरी पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित पुलिस लाइन में स्थित मेस का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि खाने की गुणवत्ता बिल्कुल भी ठीक नहीं है, खाने की जांच करते हुए उन्होंने कहा कि दाल में तो केवल पानी ही पानी है। उन्होंने बगल खड़े कर्मचारियों से कहा कि आप लोग समस्या के बारे में क्यों नहीं बताते हैं।
एसपी ने कहा – फिरोजाबाद दिखाने के बाद होगा सुधार
एसपी ने खाने की गुणवत्ता ठीक ना मिलने पर कहा कि फिरोजाबाद दिखाने के बाद सुधार किया जाएगा। एसपी ने रसोईया को समझाते हुए कहा, ‘जब मन से बनाया जाता है तो स्वाद भी होता है, ये सब अपने घरों से दूर रहकर यहां काम करते हैं।’ दाल में पानी अधिक होने पर उन्होंने मेस प्रबंधक पर चीखते हुए कहा कि ये दाल है…। उन्होंने आगे सब्जी की जांच करते हुए कहा कि यहां पर दशा तो बहुत खराब है।
वायरल वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
पत्रकार रणविजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा, ‘हमारे यूपी पुलिस के जवानों को ऐसा खाना मिलता है। कच्ची रोटी, दाल के नाम पर पानी। हद है, मैनपुरी के SP साहब मेस देखने पहुंचे, तस्वीर हैरान करने वाली है।’ वैभव महेश्वरी नाम के एक यूजर ने सरकार पर तंज कसते हुए लिखा – 5 ट्रिलियन इकोनामी वाला, डबल इंजन सरकार वाला यूपी। लवकुश यादव नाम के ट्विटर यूजर द्वारा कमेंट किया गया कि इस तरह की जांच बीच-बीच में होती रहनी चाहिए।
सूरज वर्मा नाम के एक यूजर ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर कटाक्ष कर कमेंट किया, ‘उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के चक्कर में योगी जी ने बदतर प्रदेश बनाकर रख दिया है, हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जनता की रक्षा करने वाली पुलिस वालों को खाना भी ठीक से मुहैया नहीं करा पा रही है यूपी सरकार।’ नीरज नागर नाम के एक यूजर ने लिखा – इस तरह की अचानक चेकिंग होने से पता चलेगा कि रग-रग में भ्रष्टाचार भरा हुआ है।