राहुल गांधी को ED के समन के विरोध में कांग्रेस ने देश के अलग अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेता मोजूद रहे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी राहुल गांधी को मिले ED के समन के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। कांग्रेस मुख्यालय में मौजूद दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो एक महिला पत्रकार दिग्विजय सिंह से लगातर सवाल पूछ रही हैं कि आज के प्रदर्शन पर आप क्या कहना चाहेंगे? लेकिन दिग्विजय सिंह पत्रकार के सवाल को नजरअंदाज करते हुए कार्यालय की तरफ बढ़ जाते हैं। इसी बीच वह वहां मौजूद लोगों से पूछते हैं कि “हाजिरी रजिस्टर कहां है भाई?”
दिग्विजय सिंह कर्मचारियों से पूछते हैं कि “हाजिरी रजिस्टर कहां है।” जवाब में मिलता है कि अन्दर है। इस पर दिग्विजय सिंह कहते हैं कि “अच्छा, अन्दर है हाजिरी रजिस्टर।” इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा मध्य प्रदेश की तरफ से लिखा गया कि “दिग्विजय सिंह यह अच्छी तरह से जानते हैं कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोषी हैं। सच तो यह है कि दिग्विजय सिंह राहुल गांधी के समर्थन में नहीं, बल्कि उनके आदेश पर बस हाज़िरी लगाने दिल्ली पहुँचे हैं!’
मजिंदर सिंह सिरसा ने लिखा कि ‘कांग्रेसियों को हाज़िरी लगाने के लिए बुलाकर गांधी परिवार अपने करप्शन को छुपा नहीं पायेगी। गांधी परिवार की हर चोरी का हिसाब होगा।’ गौरव सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि ‘पूरे आंदोलन को दिग्विजय सिंह ने अपने अंदाज में बयां कर दिया, हाज़िरी कहां लिखानी है। दिग्गी राजा का जवाब नहीं।’ अन्नू नाम के यूजर ने लिखा कि ‘कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली जाने के बाद हाजिरी भी लगानी पड़ रही है।’
अनिल नाम के यूजर ने लिखा कि ‘दिग्गी राजा पुराने खिलाड़ी हैं, यह बात अलग है कि सुरजेवाला ने सबको पीछे छोड़ दिया है। सब जानते हैं सिर्फ़ नौटंकी हो रही है, मगर जब राज्यसभा की सीट कृपा से मिली हो, हाज़िरी तो लगाना ही पड़ेगी।’ संजय नाम के यूजर ने लिखा कि ‘नेता बहुत अच्छा, लेकिन कांग्रेस के चक्कर में खुद डूब गए।’ शिवम भट्ट ने लिखा कि ‘सारा खेल ‘हाजिरी’ का है। दिग्गी राजा ने सब पर पानी फेर दिया।’
बता दें कि ईडी द्वारा तीन घंटे की पूछताछ के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय से निकले और सोनिया गांधी से मिलने के लिए गंगाराम अस्पताल पहुंच गए। कांग्रेस के अनुसार अशोक गहलोत, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, वरिष्ठ नेता हरीश रावत, जयराम रमेश और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया, जिनसे मिलने के लिए प्रियंका गांधी पुलिस थाने पहुंच गई थीं।