सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल है। इस वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता एक तरह से पार्टी की फजीहत करते दिख रहे हैं। दरअसल, वायरल वीडियो में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को ये तक नहीं पता कि प्रियंका गांधी कौन हैं? एक कार्यकर्ता ने तो प्रियंका गांधी को यूपी का मुख्यमंत्री बता दिया।
यूपी चुनाव के दौरान का है वीडियो
वायरल वीडियो यूपी चुनाव का नजर आ रहा है जब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी को चुनाव की अहम जिम्मेदारी दी थी। ट्विटर पर इस वीडियो को @abhijitmajumder नाम के यूजर ने पोस्ट किया है। वायरल वीडियो में एक जर्नलिस्ट कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात करता दिख रहा है। ये वीडियो अमौसी एयरपोर्ट के बाहर का है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता नरेंद्र गौतम के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी का इंतजार कर रहे हैं।
प्रियंका को बताया मुख्यमंत्री
वीडियो में जर्नलिस्ट ने पहले एक कार्यकर्ता से पूछा कि आप यहां किसका इंतजार कर रहे हो तो जैनुद्दीन नाम के कार्यकर्ता ने जवाब दिया कि मायावती का। पीछे अन्य लोगों ने उसे करेक्ट करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का। फिर जर्नलिस्ट ने सवाल किया कि कौन हैं प्रियंका गांधी तो जैनुद्दीन ने जवाब दिया कि वह मुख्यमंत्री हैं। एक और कार्यकर्ता ने प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री बताया।
रिपोर्टर ने पकड़ लिया माथा
इसके बाद रिपोर्टर ने नरेंद्र गौतम से सवाल किया जिनके बैनर तले सभी कार्यकर्ता वहां प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए लाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं जो पार्टी के लिए काम करते हैं। रिपोर्टर ने फिर एक युवक से सवाल किया कि यहां किसका इंतजार कर रहे हो तो उस युवक ने जवाब दिया सोनिया गांधी का। इसके बाद एक व्यक्ति ने तो गजब ही कर दिया। उसने रिपोर्टर से कहा कि वह मेनका गांधी का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद उसने प्रेमिक गांधी नाम ले दिया। इस दौरान रिपोर्टर ने भी अपना माथा पकड़ लिया।