कैंसर का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छों की हिम्मत जवाब दे देती है। यह एक ऐसी बीमारी है जिसका इलाज तो संभव है लेकिन उस इलाज के लिए भी हिम्मत और पॉजिटिव सोच की जरूरत है और इसका ताजा उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह रील है। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही रील में एक लड़की जो कि कैंसर सर्वाइवर है वह डॉक्टर्स के साथ रील्स बनाकर खुद को हमेशा पॉजिटिव रखने का प्रयास करती है। साथ ही अपनी रील्स के जरिए और लोगों को भी यह संदेश दे रही है कि इस बीमारी से डरना नहीं है बल्कि मजबूत होकर इससे लड़ना है।
कैंसर सर्वाइवर ने ‘तड़पाओगे तड़पा लो’ गाने पर बनाई रील
कैंसर से जूझ रहा व्यक्ति कई बार जीने की हिम्मत और उम्मीद खो देता है। ऐसे सर्वाइवर के लिए यह लड़की एक उदाहरण है। वायरल वीडियो में यह लड़की एक डॉक्टर के साथ ‘तड़पाओगे तड़पा लो’ गाने पर रील बनाती दिख रही है। यह गाना 1959 में आई फिल्म ‘बरखा’ का हिट सॉन्ग है। वायरल वीडियो में लड़की ने इसी गाने पर परफॉर्म किया है। यह वीडियो लोगों को काफी पसंद आ रहा है और लोगों को हिम्मत देने का भी काम कर रहा है।
सिक्किम की त्रिझा छेत्री ने बनाया वीडियो
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को trizhasjourney नाम के (त्रिझा छेत्री) के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में नजर आ रही लड़की का नाम ही त्रिझा है जो कि सिक्किम की रहने वाली हैं और दिल्ली में अपना इलाज करा रही हैं। उनके इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक करीब 20 लाख लोगों ने देख लिया है। उनके इस वीडियो पर 60 हजार के करीब लाइक आ चुके हैं जबकि 2 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो पर कमेंट किए हैं।
यूजर्स ने की लड़की के जल्द ठीक होने की कामना
वायरल वीडियो पर अधिकतर लोगों ने त्रिझा के इस वीडियो की तारीफ की है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा है- कहां से लाई हो इतनी क्यूटनेस। एक और अन्य यूजर ने कहा है, “आप बहुत बहादुर हो मेरी बहन,, भगवान श्री राम आपको जल्द ही ठीक कर दें। आपको सैल्यूट है, जय श्री राम,,,” वीडियो पर अधिकतर यूजर इस लड़की के जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं।