दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election) के नतीजे साफ़ होने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) जीत का जश्न मन रही है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 134 वार्ड जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया तो वहीं 15 सालों से सत्ता पर काबिज बीजेपी को इस चुनाव में 104 वार्डों में जीत मिली है। AAP की जीत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। इस बीच AAP द्वारा शेयर किये गए एक वीडियो पर बीजेपी (BJP) ने पलटवार किया है।

AAP ने शेयर किया ऐसा वीडियो

आम आदमी पार्टी द्वारा शेयर किये गए वीडियो में देखा जा सकता है कि बीजेपी का झंडा सड़क पर गिरा है, एक महिला झाड़ू लगाकर झंडे को कूड़ें में रख देती है। वहीं, आस – पास खड़े कुछ लोगों की आवाज भी सुनाई दे रही है। जो कह रहे हैं कि हो गया – हो गया। इस वीडियो के साथ AAP ने लिखा,”दिल्लीवालों ने कचरे (भाजपा) पर झाड़ू चला दी।”

बीजेपी नेताओं ने किया कटाक्ष

AAP के इस वीडियो पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई है। बीजेपी सांसद भोलेनाथ ने लिखा,”झंडा किसी भी पार्टी का हो उसका सम्मान करना चाहिए…. कमल सिर्फ भाजपा पार्टी का नहीं बल्कि राष्ट्रीय पुष्प है। आप भाजपा का अपमान नहीं बल्कि राष्ट्र का अपमान कर रहे है ऐसे वीडियो डालकर। मुफ़्त की रेवड़ी, घटिया व तुक्ष राजनीति करना आपका हीं है। शर्म करों।” बीजेपी नेत्री प्रीति गांधी ने कमेंट किया – सत्ता सर पर चढ़ गई है। बीजेपी नेता तेजिंदर सिंह शरण ने कमेंट किया कि “आप” जैसी गंदगी तो गुजरात और हिमाचल वासियों ने धो डाली।

लोगों ने किए ऐसे कमेंट्स

@shashwat_BHU नाम के एक यूजर लिखा गया – जीत के बाद जनता को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘लड़ाई आजतक ही थी, अब मिलकर भी काम करना है। चुनाव हारे हुए लोगो का भी सहयोग चाहिए, मायूस न होइयेगा। बाकी उनका सोशल मीडिया क्या कर रहा है, देख लेने लायक है।” @solanki3007 नाम के एक यूज़र ने लिखा – हम भाजपा वाले हैं, इन सब टुच्ची हरकतों पर कभी नही आते। चाहे जीतें या हारें।

@KhagendraC_ नाम के एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि चुनाव लोकतंत्र का एक अच्छा उदाहरण है उसमे हार -जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं … देश में अलग – अलग जगह कोई पार्टी हारती है, कोई पार्टी जीतती है, पर हर पार्टी का अपना एक अस्तित्व होता है। अपना एक झंडा होता है। उसका सम्मान करना, एक संस्कार को बताता है।

केजरीवाल ने दिया ऐसा बयान

दिल्ली एमसीडी में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली सीएम अरविन्द केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) ने जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा,”इस शानदार जीत के लिए दिल्ली की जनता का शुक्रिया और सबको बहुत-बहुत बधाई। अब हम सबको मिलकर दिल्ली को साफ़-स्वच्छ और सुंदर बनाना है।” वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने कमेंट किया कि दिल्ली MCD में आम आदमी पार्टी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे नेगेटिव पार्टी को हराकर दिल्ली की जनता ने कट्टर ईमानदार और काम करने वाले अरविन्द केजरीवाल जी को जिताया है। हमारे लिए ये सिर्फ़ जीत नहीं बड़ी ज़िम्मेदारी है।