समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव काफी मुखर हैं। वो पूरी बेबाकी से अपनी राय व्यक्त करती हैं। कुछ महीनों पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने परिवार के बारे में काफी कुछ बताया था। इसमें उन्होंने अपने खानपान के बारे में भी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें जेठानी डिंपल यादव के हाथों बनाई गई जलेबी बहुत पसंद है।
इंटरव्यू में जब उनसे परिवार के कुछ लोगों के बीच बनी अदावत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि इसकी वजह राजनीतिक पार्टी है। मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि नेताजी ने इस पार्टी को एक वटवृक्ष की तरह तैयार किया है।
अखिलेश यादव और शिवपाल के बीच के मतभेद पर उन्होंने कहा था, ‘मैं चाहती हूं कि दोनों के मन एक हो जाएं। क्योंकि जब तक मन नहीं मिलेगा तब तक मतभेद बना रहेगा।’ डिंपल यादव पर किए गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि वो केवल जेठानी नहीं बल्कि बड़ी बहन भी हैं।
अपर्णा ने यह भी बताया था कि उनको राजनीति में मुलायम सिंह यादव और शिवपाल ही लाए थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का जिक्र करते हुए कहा था कि हम उसकी तैयारी करने में लगे हुए हैं। इसी कार्यक्रम में उनसे राजनीतिक अदावत का परिवार की महिलाओं पर असर के बारे में सवाल पूछा गया तो पता चला कि इसका असर घर पर भी होता है। उन्होंने बताया था कि जब घर के पुरुष एक-दूसरे से अच्छे से बात नहीं कर रहे हैं तो हम लोगों की भी किसी से बातचीत नहीं हो पाती है।
उल्लेखनीय है कि शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी से अलग होकर 2018 में अपनी अलग पार्टी बना ली थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी या फिर किसी से गठबंधन करेगी।