देश में प्रतिदिन पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। बढ़ते तेल के दामों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है तो सोशल मीडिया पर भी लोग मोदी सरकार पर तंज कस रहे हैं। इसी बीच केंद्र सरकार के मंत्रियों का कहना है कि यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे विवाद की वजह से ही तेल के दाम बढ़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया क्यों बढ़ रहे हैं तेल के दाम: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “दुनिया के एक भाग में जो युद्ध चल रहा है उसका प्रभाव दुनिया के कई सेकटर पर पढ़ रहा है। भारत की निर्भरता रहती है बाहर से क्रूड आयल लाना। केवल भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में क्रूड आयल के दाम बढ़े हैं। तेल के दाम को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों ने भी कदम उठाया है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं: सोशल मीडिया पर अब लोग अनुराग ठाकुर के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। प्रताप सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि “चुनाव के समय तो कोई बढ़ोतरी नहीं हुई, कुछ तो है!” जय नाम के यूजर ने लिखा कि “युद्ध तो एक महीने पहले से चल रहा है लेकिन दाम तो अभी 5-6 दिन से बढ़ना शुरू हुए हैं।” सुभम पाण्डेय नाम के यूजर ने लिखा कि “अच्छा है, इन्होंने ये नहीं कहा कि दाम राष्ट्रहित में बढ़ाए जा रहे हैं।”

हरदीप सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि “इस सरकार से सवाल ही गलत किया जा रहा है कि पेट्रोल के दाम क्यों बढ़ रहे हैं, बल्कि इनसे सवाल ये पूछना चाहिए कि जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार मे क्रूड सस्ता था तो दाम कम क्यों नहीं किये? इनसे दोबारा सवाल करो कि जब कांग्रेस सरकार दाम बढ़ाती थी तब ये नाटक क्यों करते थे?” शुभम नाम के यूजर ने लिखा कि “150 दिनो में नही बढ़े, चुनाव खत्म होते ही प्रतिदिन इजाफा किया जा रहा है, गजब है। तब कौन-सा युद्ध चल रहा था जब पेट्रोल के दाम 110 हो गए थे।”

भंवर करवासरा नाम के यूजर ने लिखा कि “दुनिया के कुछ देशों में प्रधानमंत्री भी चेंज हो रहे हैं तो तुम भी कर लो।” किसान एकता नाम के यूजर ने लिखा कि “उत्तर प्रदेश चुनाव के समय भी युद्ध था, तब तो रेट नहीं बढ़े। उस समय क्या गुजरात में तेल निकल रहा था या नागपुर में निकल रहा था।” नदीम राम अली नाम के यूजर ने लिखा कि “यह ज्ञान इन्हें चुनाव खत्म होने के बाद प्राप्त हुआ।”

अनित चौधरी नाम के यूजर ने लिखा कि “कोरोना की वजह से जब तेल के दाम पूरी दुनिया में गिर गए थे तब भी भारत में तेल के दाम बढ़ रहे थे आखिर क्यों?” सागर पाटिल नाम के यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि “क्या बात कर रहे हैं साहब मुझे लगा इलेक्शन खत्म हो गए है।”