अखिलेश यादव लगातार तीसरी बार समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गये हैं। पार्टी के चुनाव अधिकारी और वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश यादव के निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष चुने जाने का ऐलान किया। अध्यक्ष चुने के बाद अखिलेश यादव ने अधिवेशन को संबोधित किया। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव के सपने को याद कर भाजपा सरकार पर हमला किया और चुनाव आयोग पर चुनाव हराने का आरोप लगाया है।

सपा ने भाजपा पर बोला हमला

अखिलेश यादव ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि आप जब सदस्यता अभियान के लिए लोगों के बीच में गए होंगे तो आपने महसूस किया होगा कि लोगों को भी भरोसा नहीं कि भाजपा की सरकार बन कैसे गई? ये सरकार समाजवादियों की थी लेकिन ये सरकार छीन ली गई। पूरी मशीनरी ने मिलकर सरकार छीना है। इन्हें पता था कि यूपी में सरकार जाने का मतलब क्या है, इसलिए सरकार बनाने के लिए इन्होने वो सब किया, जो ये कर सकते थे।

अखिलेश ने चुनाव आयोग पर लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि हमें जहां से न्याय मिलने की उम्मीद थी, चुनाव आयोग! चुनाव आयोग, बीजेपी के लोग पन्ना प्रभारी, जानबूझ कर यादव और मुसलमानों के वोट, हर विधानसभा में २० हजार वोट काट दिए। कईयों के नाम काट दिए, कई के बूथ बदल दिए। यही भाजपा की चाल थी। हमने और आपने मिलकर अगर हर बूथ पर 2-3 प्रतिशत वोट और बढ़ा लिए होते तो भी सरकार समाजवादियों की बनी होती!

अखिलेश यादव के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। @Aakashbhatts यूजर ने लिखा कि इसी जातिवाद की राजनीति में यूपी की जनता ने आप को सत्ता से हमेशा के लिए बाहर कर दिया है। @deepshikha2699 यूजर ने लिखा कि अपनी कमियां मत देख लेना भैया, बस ये ही रोना रोते रहना। @Sanjeev41244135 यूजर ने लिखा कि यादव और मुसलमानों के वोट सपा के ही हैं क्या?

@dilip_bagi यूजर ने लिखा कि सिर्फ़ यादव और मुसलमानों से जीत नहीं सकते। इस तरह के बयानों से ही आपकी दुर्गति होती रही है। राजनीति में आप कच्चे हैं। @RajeshVishJNP यूजर ने लिखा कि समाजवादी पार्टी को चुनाव हराने में चुनाव आयोग का सबसे बड़ा रोल है। अब तो देश की जनता का विश्वास भी चुनाव आयोग से उठ गया।

बता दें कि सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा के लोगों ने झूठा प्रचार किया कि राशन से उनकी सरकार बन गई। उन्हें साइलेंट वोट मिला है। साइलेंट वोट हमारी माओ-बहनों के लिए कहा जाता है, मैं सभी कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आप सभी माताओं-बहनों के बीच में जाए और बताएं कि सबसे ज्यादा घटनाएं महिलाओं के साथ ही हो रही हैं।