Sakat Chauth Shubh Muhurt 2023: सकट चौथ का शास्त्रों में विशेष महत्व है। यह व्रत हर वर्ष माघ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं और भगवान गणेश की पूजा- अर्चना की जाती है। मान्यता है जो लोग इस दिन व्रत रखते हैं, भगवान गणेश उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। वहीं इस बार सकट चौथ का पर्व 10 जनवरी 2023, मंगलवार को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं शुभ मुहूर्त, तिथि और पूजा- विधि…
सकट चौथ 2023 तिथि और शुभ मुहूर्त (Sakat Chauth 2023 Tithi, Muhurat)
वैदिक पंचांग के अनुसार माघ माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 10 जनवरी 2023 को दोपहर 12 बजकर 8 मिनट पर शुरू होगी, जो अगले दिन 11 जनवरी 2023 दोपहर 02 बजकर 32 मिनट पर खत्म होगी। इसलिए उदया तिथि के अनुसार, सकट चौथ 2023 का व्रत 10 जनवरी, मंगलवार को रखा जाएगा।
सकट चौथ 2023 पूजा विधि (Sakat Chauth Puja Vidhi)
इस दिन सुबह जल्दी स्नान कर लें और साफ सुथरे कपड़े पहन लें। इसके बाद भगवान गणेश की मूर्ति या प्रतिमा को चौकी पर स्थापित करें। साथ ही गणेश जी के साथ मां लक्ष्मी को की मूर्ति भी रखें। इसके बाद गणेश जी और मां लक्ष्मी को रोली और अक्षत लगाएं। इसके बाद पुष्प, दूर्वा, मोदक आदि अर्पित करें। इस दिन तिल का भी विशेष महत्व है। इसलिए भगवान गणेश को तिल के लड्डुओं का भोग लगाएं। साथ ही ॐ गं गणपतये नम:।’ मंत्र का जाप करें। इसके बाद सकट चौथ व्रत की कथा सुनें और अंत में आरती करें। वहीं रात्रि में चंद्रमा को अर्घ्य देकर सकट चौथ व्रत संपन्न करें।
सकट चौथ व्रत का महत्व (Sakat Chauth Importance)
शास्त्रों में माघ माह की चतुर्थी का सबसे अधिक महत्व बताया गया है। क्योंकि इस दिन भगवान गणेश ने भगवान शिव व माता पार्वती की परिक्रमा की थी। इस दिन महिलाएं व्रत रखती हैं और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं। इस दिन माता सकट की भी पूजा की जाती है। मान्यता है जो लोग इस दिन विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा- अर्चना करते हैं, उनकी भगवान गणेश सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।