Magh Month 2023: सनातन धर्म में माघ मास में पूजा-पाठ और दान का अधिक महत्व बताया गया है। यह मास धार्मिक कार्यो के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और शुभ माना जाता है। इस पूरे माह में गंगा स्नान, भगवान विष्णु की पूजा, सूर्य देव की पूजा और दान करने का महत्व बताया गया है।
पंचांग के अनुसार माघ मास 7 जनवरी 2023 से शुरू होकर 5 फरवरी 2023 तक चलेगा। माघ मास का समापन माघी पूर्णिमा के साथ होता है। इस माह में गंगा स्नान का अधिक महत्व बताया गया है। इस पूरे मास में गीता का पाठ करने से भगवान विष्णु के प्रसन्न होने की मान्यता है। इस पूरे मास में तिल दान जरूर करना चाहिए और भगवान विष्णु को भी तिल अर्पित करना चाहिए। वहीं यह भी मान्यता है कि इस मास में भगवान विष्णु और सूर्य देव की पूजा करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और पुण्यफल की प्राप्ति होती है।
माघ मास में करें ये उपाय
ज्योतिष शास्त्र में माघ मास के कई उपाय बताए गए हैं। मान्यता है कि इन उपायों को करने से आर्थिक समस्या सो मुक्ति मिलती है। साथ ही सुख-समृद्धि की भी प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं कि वह उपाय कौन से हैं, जिन्हें करने से आर्थिक समृद्धि आने की मान्यता है।
-माघ मास में स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य जरूर दें।
-इस पूरे माघ में गंगा स्नान करना चाहिए। यदि संभव न हो तो पानी में गंगा जल डालकर स्नान करना चाहिए।
-भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए और उन्हें तिल अर्पित करना चाहिए।
-माघ मास में शाम के समय तुलसी की पूजा करनी चाहिए।
-इस माह में मांस, मदिरा आदि का सेवन नहीं करना चाहिए।
-इस माह में तिल का जरूर दान करना चाहिए।