पश्चिम बंगाल में चार दिन बाद मतदान होगा। पहले चरण के मतदान के साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत पर भी मुहर लग जाएगी। इसको लेकर जनता का मूड भांपने और राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, कई चैनलों और सर्वे एजेंसियों ने ओपिनियन पोल भी जारी करना शुरू कर दिया है।
टीवी चैनल एबीपी न्यूज ने सीएनएक्स के साथ मिलकर लोगों की राय ली। इस ओपिनियन पोल में चैनल ने लोगों से जानना चाहा कि क्या ममता बनर्जी फिर वापसी कर सकती हैं कि नहीं? क्या बंगाल में बीजेपी को सत्ता का स्वाद मिलेगा या कांग्रेस, लेफ्ट और आईएसएफ का गठबंधन किंग मेकर बनेगा। हालांकि यह पहले चरण से पहले का ओपिनियन पोल है। राज्य में आठ चरणों में मतदान होंगे। इस बीच कई बार चुनावी रैलियां और सभाएं होंगी। इससे जनता अपना मन अंतिम रूप से किस ओर बनाएंगी, अभी कहा नहीं जा सकता है।
इस पोल के नतीजे के मुताबिक 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को 136 से 146 सीटें मिलने की संभावना है। जबकि भाजपा को 130 से 140 सीटें मिल सकती हैं। यानी दोनों दलों को करीब-करीब बराबर सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि राज्य में पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है।
राज्य में कांग्रेस और लेफ्ट को 14 से 18 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य का 1 से 3 सीटें पर कब्जा होने की संभावना है। पिछले चुनाव 2016 में टीएमसी ने 211 सीटों को जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। उस समय भाजपा को केवल 3 सीटें ही मिली थीं। हालांकि कांग्रेस और लेफ्ट तब थोड़ी बेहतर स्थिति में थीं और क्रमश: 44 और 26 सीटों पर कब्जा जमाई थीं।
इस बार सर्वे के मुताबिक कांग्रेस और लेफ्ट की हालत बहुत खराब दिख रही है। मुख्य मुकाबले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा ही दिख रही हैं। दोनों ही दल एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
