उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (27 मई, 2022) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (2021) हिंसा को लेकर ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने एक एक आंकड़ा गिनाकर बताया कि 2019 लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक यूपी की कानून व्यवस्था कितनी मजबूती थी और हिंसा की घटना का कोई मामला सामने नहीं आया। विधानसभा सत्र में बोलते हुए उन्होंने युवाओं के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया और शिवपाल यादव की तारीफ कर अखिलेश यादव को चिढ़ाया।
योगी ने कहा- 294 सीटों में से 142 पर हिंसात्मक घटनाएं हुईं
योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि 294 विधानसभा सीटों में से 142 पर हिंसात्मक घटनाएं हुई थीं। इतना ही नहीं, 25 हजार बूथ प्रभावित हुए थे। इन घटनाओं में भारतीय जनता पार्टी के 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शेल्टर होम में जाने के लिए मजबूर हुए थे और 57 कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्याएं हुई थीं। 123 से अधिक महिलाओं के साथ अमानवीय अत्याचार हुआ था और 7 हजार से अधिक शिकायत दर्ज हुई थीं।
“बीजेपी का मिशन सिर्फ सत्ता प्राप्त करना नहीं, देश के हित के लिए काम करना”
उन्होंने कहा, “वेस्ट बंगाल की आबादी उत्तर प्रदेश की आबादी की आधी आबादी है। उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान भी और उसके बाद भी कोई हिंसा नहीं हुई। यह उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का एक उदाहरण है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार अगर नहीं होती तो भी क्या ऐसा ही रहता, नहीं रहता। बीजेपी का नेतृत्व हमेशा एक ही बात के लिए आगाह करता है कि हमारा मिशन सिर्फ सत्ता प्राप्त करना नहीं, देश के हित के लिए काम करना है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें साल 2019 में लोकसभा का चुनाव करवाने का अवसर प्राप्त हुआ था। सात चरणों में चुनाव हुए थे, कहीं हिंसा नहीं हुई। 2021 में पंचायत चुनाव संपन्न हुए, आठ लाख से ज्यादा प्रतिनिधि चुने गए। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुए। 2022 में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव भी संपन्न हुए। कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं। चुनाव में हर दल अपनी बात को रख सकता था, लेकिन चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुए। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने के लिए पश्चिम बंगाल से भी एक दीदी आई थीं और क्या स्थिति थी वेस्ट बंगाल में। विधानसभा चुनाव के बाद जो कुल घटनाएं वहां पर हुई थीं, वो पोस्ट पोल वायलेंस, 12 घटनाएं घटित हुई थीं।”
सीएम ने की शिवपाल की तारीफ, अखिलेश पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने एक तरफ शिवपाल यादव की तारीफ की तो वहीं, अखिलेश पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं की क्या स्थिति थी। 2015-16 में टेबलेट बांटने की बात कही गई क्या युवाओं को टेबलेट मिल पाया था। नहीं मिल पाया था। आज हम बच्चों को टेबलेट भी दे रहे हैं और स्मार्टफोन भी दे रहे हैं। मैं शिवपाल यादव जी को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने अपनी विधानसभा सीट पर जाकर युवाओं को टेबलेट और स्मार्टफोन का वितरण किया। अन्य माननीय सदस्य भी वितरित करें।”