Akhilesh Yadav: मैनपुरी (Mainpuri) लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार (23 दिसंबर, 2022) को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैनपुरी के लोगों ने गुजरात मॉडल फेल कर दिया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि हमने 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी को काम दे दिया है कि वह मैनपुरी मॉडल पढ़ें। उन्होंने कहा कि मैनपुरी के लोगों ने गुजरात मॉडल फेल कर दिया। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से मैनपुरी में जमीन पर काम हुआ अगर यही काम लोक और विधान सभा में होगा तो परिणाम देखने वाले होंगे।

अखिलेश बोले- 2024 और 2027 भी जीतेंगे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव इटावा के हैंवरा डिग्री कॉलेज में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव और आदित्य यादव भी मौजूद थे। सपा प्रमुख ने कहा कि चाचा साथ आ गए हैं। अब हर लड़ाई हम जीतेंगे। हम लोग 2024 और 2027 में भी जीतेंगे। मैनपुरी की जीत से नई ऊर्जा मिली है। यह कोई छोटी-मोटी जीत नहीं है। लोगों ने एक-एक वोट डालकर नेताजी को श्रद्धांजलि दी है।

किसानों-गरीबों के लिए काम करना मुझे विरासत में मिला: अखिलेश

इस दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बगल में फुटबॉल खेलने आए थे। अच्छा हुआ जसवंतनगर नहीं आए। उन्होंने कहा कि यहां के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे उतना उछलेंगे। उन्होंने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सभी विधानसभा में जीत मिली है। भोगांव में इतनी उम्मीद नहीं थी, जितनी जीत मिली। अखिलेश ने कहा कि हमें विरासत में किसानों और गरीबों के लिए काम करने का मौका मिला है। हम नेता जी के रास्ते पर चलकर इसको पूरा करने का काम करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सब बर्बाद करने का काम किया। केंद्र सरकार जो तीन काले कानून लाई थी, वो भी चुनावों की वजह से वापस हुए, लेकिन इस भाजपा सरकार ने किसानों के खिलाफ फैसला लेना बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारों ने किसानों के लिए मार्केट नहीं बनाए। अगर, मोडिफाइड सीड आ गई तो किसानों को बड़े उद्योगपति के सामने घुटने टेकने पड़ेंगे। यह सरकारें सच्चर कमेटी को नहीं मान रहीं, जिसमें नई मंडियों को बनाने की सिफारिश की गई थी।