Mainpuri Lok Sabha bypoll: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में हो रहे लोकसभा उपचुनाव को लेकर प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार (16 नवंबर, 2022) को सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस दौरान शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मैनपुरी संसदीय सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं यह भी खबर है कि कल (17 नवंबर,2022) को अखिलेश यादव चाचा शिवपाल से मुलाकात कर सकते हैं। बता दें इससे पहले शिवपाल ने सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक बुलाई थी।
मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को सपा ने मैनपुरी (Mainpuri) लोकसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। इस सूची की खास बात यह है कि इसमें प्रसपा नेता शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) का नाम भी शामिल है। हालांकि शिवपाल यादव, डिंपल यादव के नामांकन में नहीं शामिल हुए थे।
लखीमपुरी खीरी उपचुनाव में सपा ने शिवपाल को नहीं बनाया था स्टार प्रचारक
हालांकि इसके पहले इसी महीने की शुरुआत में लखीमपुर खीरी में हुए उपचुनाव में शिवपाल सिंह यादव का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से गायब था। मैनपुरी में होने वाले उपचुनाव में शिवपाल सिंह यादव के अलावा परिवार के कई अन्य सदस्यों का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। ये लोग भी राजनीति में सक्रिय हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने पिछले दिनों मैनपुरी चुनाव को लेकर मीडिया से बातचीत की थी। तब उन्होंने कहा था कि सपा उम्मीदवार के नाम की घोषणा के बाद वह अपनी भूमिका का खुलासा करेंगे। प्रचारकों की सूची जारी होने से स्पष्ट हो गया है कि सपा का गढ़ रही इस सीट पर वह अपने परिवार के साथ खड़े दिखाई दे सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है, जो शिवपाल सिंह यादव के काफी करीबी माने जाते हैं।
शिवपाल का आशीर्वाद मेरे साथ: रघुराज
भारतीय जनता पार्टी द्वारा रघुराज को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद उन्होंने कहा था कि शिवपाल सिंह का आशीर्वाद उनके साथ है। बता दें, मैनपुरी में 5 दिसंबर को मतदान होगा। इस सीट पर सबसे अधिक मतदाता यादव हैं। उसके बाद शाक्य, ठाकुर, ब्राह्मण और मुस्लिम मतदाता हैं।
दरअसल, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव की जीत सुनिश्चित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद मैनपुरी (Loksabha Seat Mainpuri) सीट पर उपचुनाव हो रहा है।