गाजीपुर जिले के जंगीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं का ताजा रुख मतदान तक रहा तो कांग्रेस पार्टी भी समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के चुनावी संघर्ष में अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराएगी। उपचुनाव के लिए 16 मई को मतदान होगा और मतदान के परिणाम 19 मई को घोषित किया जाएगा। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी किसमती देवी अपने पति स्वर्गीय कैलाश यादव की विरासत बनाए रखने के लिए जंग कर रही हैं। उनकी ओर से उनके पुत्र डा. वीरेन्द्र यादव सहित प्रदेश सरकार के दर्जनभर मंत्रीगण चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश सिंह पप्पू के चुनाव प्रचार में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा सहित उनकी पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी शैलेश सिंह के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री सहित कई नेता चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मुख्य चुनावी संघर्ष इन्हीं तीनों दलों के बीच नजर आ रहा है। जीत किसको मिलेगी। यह 19 मई को मालूम होगा। अभी तो चुनाव समर में उतरा हर प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहा है।
क्षेत्रीय जनता और मतदाताओं से बातचीत करने पर जो चुनावी तस्वीर इस समय बन रही है, उसमें समाजवादी पार्टी के मुसलमान मतदाता बंटे हुए दिख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रमेश सिंह पप्पू और कांग्रेस प्रत्याशी दोनों ही क्षेत्रीय हैं। दोनों ही क्षेत्र की जनता के सुख दु:ख में सहभागिता करते रहते हैं। भाजपा प्रत्याशी के लिए सवर्ण मतदाताओं का नजरिया अच्छा दिख रहा है। इसके अलावा पिछड़ी जाति में उपेक्षित रहने वाली जातियों के मतदाता पार्टी के पक्ष में लामबंद हो रहे हैं।
पार्टी का प्रभाव अभी तक मायावती के मतदाताओं पर बहुत ही कम पड़ता दिख रहा है। स्थानीय सांसद और रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा पिछले दो सालों में कराए गए रेल क्षेत्र के विकास कार्यों की चर्चा मतदाताओं से कर रहे हैं। अब यह पार्टी के पक्ष में कितना फायदा पहुंचाती है। यह आने वाला समय ही बताएगा।
समाजवादी पार्टी प्रदेश की सत्ता में है। इसलिए मतदाताओं को मनाने में उसे ही सबसे अधिक मेहनत करनी पड़ रही है। उसकी प्रत्याशी किसमती देवी के पुत्र डा. वीरेन्द्र यादव जिला पंचायत अध्यक्ष होने के साथ जनता से मिलने जुलने वाले नेता हैं। वह चुनाव की कमान हाथ में लिए हैं। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री बलराम यादव सहित स्थानीय मंत्री ओमप्रकाश सिंह, सैय्यदा शादाब फातिमा, विजय मिश्रा पूरी तरह चुनाव प्रचार में लगे हैं। उनका प्रयास है कि विरासत पार्टी को ही स्थानांतरित हो।
पत्रकारों से बातचीत में पहली बार सपा के वरिष्ठ मंत्री बलराम यादव ने पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर हुए पुलिस जनता संघर्ष को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। क्षेत्रीय जनता इस घटना के लिए स्वर्गीय कैलाश यादव को जिम्मेदार बताती है। पार्टी के मंत्री बलराम यादव ने बताया कि 12 मई को प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।
समाजवादी पार्टी के मंत्रियों का दावा है कि वह क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के बल पर उपचुनाव जीत कर अपनी सीट बराबर रखेंगे। वह अपने पार्टी के परंपरागत मतदाताओं को जागरूक कर अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जंगीपुर विधानसभा में उपचुनाव भले ही हो लेकिन राजनीतिज्ञों का कहना है कि इसके परिणाम का प्रभाव विधानसभा के अगले चुनाव पर पड़े बिना नहीं रह सकता है। इसलिए सपा, भाजपा और कांग्रेस चुनाव को गंभीरता से लड़ रही हैं।