Brajesh Pathak On Rahul Gandhi: भारती जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि चार डिग्री की ठंड में राहुल गांधी को ठंड क्यों नहीं लग रही है? उन्होंने कहा कि यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि आखिर वो कौन सा जीवाणु है, जिससे राहुल गांधी को ठंड नहीं लगती।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी नकली गांधी हैं। उनके बाबा फिरोज थे, जिन्होंने दबाव में अपने नाम के सामने गांधी लगा लिया था। वह उनकी मजार पर कभी नहीं जाते हैं, इसलिए नकली गांधी बनकर में पूरे देश में घूम रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में कोई भी किसान उनके साथ नहीं हैं। लग्जरी गाड़ी से लोग आ रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा में आनंद कर रहे हैं।
चंपत राय के बयान पर बोले ब्रजेश पाठक- संत सभी का स्वागत करते हैं
चंपत राय और राम जन्मभूमि मंदिर के पुरोहित द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि सब संत लोग हैं और संत सभी का स्वागत करते हैं।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Brajesh pathak) पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि ‘जो भारत को तोड़ने के जिम्मेदार हैं, जिनकी नीतियों ने समाज को तोड़ा, जिन्होंने जातिवाद, परिवारवाद, सम्प्रदायवाद, क्षेत्रवाद, आतंकवाद, नक्सलवाद को बढ़ावा दिया, वे आज भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं।’
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी की यात्रा पर तंज कसते हुए कहा था कि यूपी में राहुल गांधी की यात्रा ने घुटने टेक दिए हैं, यूपी ही नहीं, देश की जनता लगातार कांग्रेस को खारिज कर रही है। यही वजह है कि राहुल गांधी यूपी में केवल सांकेतिक यात्रा निकाल रहे हैं।
बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ठंड में सिर्फ टी-शर्ट पहन कर भारत जोड़ो यात्रा करने को लेकर चर्चा में हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने 24 दिसंबर को दिल्ली में सिर्फ टी-शर्ट में भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व किया था। मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा था कि उन्हें ठंड से डर नहीं लगता है।
