UP Urban Local body Polls: उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसी तरह की कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने यूपी नगर निकाय की तुलना ‘देवासुर संग्राम’ से कर डाली। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राक्षसी, माफिया और अपराधियों को सबक सिखाने का है।
सीतापुर में महर्षि दधीचि की भूमि मिश्रिख में शुक्रवार को सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव देवासुर संग्राम से कम नहीं है। महर्षि दधीचि ने अस्थि दान कर इंद्र को वज्र प्रदान किया था, जिसकी मदद से दैवीय शक्तियों की विजय हुई।
नैमिषारण्य आस्था का केंद्र: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में दानव के रूप में भ्रष्टाचारी हैं, दुराचारी हैं और अपराधी प्रवृत्ति के लोग हैं। जनता की मदद से इन्हें दरकिनार किया जा रहा है और निकाय चुनाव में भी ऐसी ताकतों को किनारे लगा देना है। नैमिषारण्य को उन्होंने आस्था का केंद्र बताया। योगी ने कहा कि सीतापुर की धरती पर महर्षि दधीचि ने अपनी अस्थि दान कर इन्द्र को जो वज्र प्रदान किया था, उसने देवाताओं को विजय प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि सीतापुर जनपद की अपनी महिमा है, दुनिया का सबसे पुराना इतिहास सीतापुर जनपद के नैमिषारण्य का है, यह स्थान हमारे लिए हमेशा अत्यंत आस्था का केन्द्र बिन्दु रहा है।
अयोध्या, मथुरा-वृदांवन की तर्ज पर होगा नैमिषारण्य शहर के मंदिर का विकास
आदित्यनाथ ने कहा कि सीतापुर जिले का नैमिषारण्य शहर है, जहां विष्णु और लक्ष्मी को समर्पित एक हिंदू मंदिर स्थित है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर भी काशी, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर एक नया रूप लेगा। उन्होंने कहा, “इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और हर क्षेत्र में रोजगार के कई अवसर पैदा होंगे।”
सीएम ने लोगों से डबल इंजन सरकार में तीसरा इंजन जोड़ने के लिए यूपी नगर निकाय में भाजपा को वोट देने की अपील की। जिससे हर घर में बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकें। उन्होंने कहा, “सरकारी योजनाओं का लाभ भ्रष्टाचारियों, माफियाओं, बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति वालों को दरकिनार कर बिना किसी भेदभाव के सभी को मिलेगा।”
पिछले नौ साल में भारत ने तेजी से विकास किया: योगी
योगी ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है। देखिए पिछले नौ साल में भारत ने किस तरह की प्रगति की है। अब भारत बदल रहा है। आदित्यनाथ ने दावा किया कि भारतीय नागरिकों का अब विश्व भर में सम्मान किया जा रहा है। 2014 से पहले लोग भारत को शक की निगाह से देखते थे, अब देश का सम्मान होता है। जब दुनिया में कहीं भी संकट आता है, तो हर कोई भारत की ओर देखता है। उन्होंने कहा, जो काम आजादी के बाद से नहीं हुआ वह पिछले नौ वर्षों में किया गया।