चंडीगढ़ में श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए यहां रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान ने कहा कि अभी यहां के तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है। लगातार तीसरे दिन चंडीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान श्रीनगर से कम दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस जबकि श्रीनगर का 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार और बुधवार को चंडीगढ़ में दिन का तापमान 10.5 और 10.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं श्रीनगर में मंगलवार और बुधवार को दिन के समय का तापमान 14.2 और 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस हिसाब से पंजाब में कश्मीर से अधिक ठंड पड़ रही है।
दरअसल, गुरुवार को चंडीगढ़ में सीजन की सबसे ठंडी रात 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए आईएमडी चंडीगढ़ के वैज्ञानिक शिवेंदर सिंह ने कहा, “कोहरे के कारण दिन के समय में भी तापमान भी गिर रहा है। वहीं श्रीनगर धूप निकल रही है और चंडीगढ़ में कोहरा छाया हुआ है। इसी कारण श्रीनगर में कम तापमान दर्ज किया जा रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि मौसम को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके बाद लगातार तीन दिनों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी रहेगा।”
लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
‘रेड अलर्ट’ के बारे में बताते हुआ आईएमडी ने कहा कि रात के दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है। कोहरे के कारण दिन में ठंड पड़ रही है। लोगों को सावधान रहना चाहिए। हमारा सुझाव है कि वे खुद को ठंड से बचाए रखें।
अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
दरअसल, पंजाब और हरियाणा शीत लहर की चपेट में हैं। अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में पारा दो डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 2.8 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.6 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.4 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 5.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 2.6 डिग्री सेल्सियस, झज्जर में 3.1 डिग्री सेल्सियस और फतेहाबाद में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 4.1 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 4.2 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 5 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 5.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।