Tripura Elections: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (12 फरवरी, 2023) त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतेन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) त्रिपुरा में कॉलेज जाने वाली हर लड़की को फ्री में स्कूटी देगी। बता दें, राज्य में 16 फरवरी को 60 सीटों पर विधानसभा चुनाव होंगे।

सिपाहीजाला जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अगर त्रिपुरा में सत्ता में आए तो हम कॉलेज जाने वाली हर लड़की को मुफ्त में एक स्कूटी देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही कम्युनिस्टों ने हार मान ली है। उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा त्रिपुरा के विकास के लिए काम कर रहे हैं, जबकि कम्युनिस्ट, कांग्रेस और टिपरा मोथा राज्य में ‘जंगल राज’ वापस लाना चाहते हैं।

इससे पहले दिन में अमित शाह ने त्रिपुरा के चांदीपुर में एक रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने चुनावी राज्य में कांग्रेस-वाम गठबंधन पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करके CPI(M) ने साबित कर दिया कि वे चुनाव हारने जा रहे हैं। वे अकेले BJP का सामना नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए, उन्होंने CPI(M) के साथ गठबंधन किया, जिसने उनके कई सदस्यों को मार डाला।

कांग्रेस और सीपीआई (एम) ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया: अमित शाह

शाह ने कहा कि कांग्रेस और सीपीआई (एम) ने त्रिपुरा के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा के शासन में त्रिपुरा में विकास हुआ। हमने सभी के विकास के लिए काम किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सीपीआई (एम) ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया और अब आदिवासियों के लिए वोट पाने के लिए उन्होंने एक आदिवासी सीएम चेहरे को चुना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आपको स्वास्थ्य बीमा देने का काम किया। सभी घरों में पीने का पानी पहुंचाया. गैस सिलेंडर पहुंचाया, शौचालय बनाने का काम किया और फ्री में अन्न देने का काम किया। अगर सबको सम्मान अधिकार देने का काम किया तो मोदी सरकार के नेतृत्व में माणिक साहा सरकार ने किया।