दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर ध्यान देने के कारण छात्र अब पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन उपराज्यपाल ने सदन में अपने संबोधन में कहा कि आप सरकार राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा और स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे में सुधार कर रही है।

दिल्ली एलजी ने कहा, “पुराने अस्पतालों की अवसंरचना में सुधार किया जा रहा है और नए अस्पतालों के निर्माण से मरीजों के लिए 16 हजार से अधिक अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था होगी जबकि मौजूदा अस्पतालों को अपग्रेड किया जा रहा है।”

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हंगामा

वहीं, सदन में उपराज्यपाल सक्सेना के संबोधन के दौरान हंगामा भी देखने को मिला। सत्तारूढ़ आप और विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा विधायकों ने अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण और कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायकों ने उपराज्यपाल का संबोधन शुरू होते ही भाजपा के खिलाफ नारे लगाए। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मार्शलों को भाजपा के तीन विधायकों को सदन से बाहर ले जाने का आदेश दिया, जिसके बाद उपराज्यपाल का संबोधन दोबारा शुरू हुआ।

आप ने एलजी वीके सक्सेना पर लगाया आरोप

आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना पर आरोप लगाया। आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि साल 2002 का यह वीडियो साबरती आश्रम में महिला सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर पर हिंसक हमले से संबंधित है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इस मामले में दर्ज FIR में वीके सक्सेना आरोपी नंबर- 4 हैं। उनको पता है कि इसमें उन्हें सजा हो जाएगी इसलिए वो कोर्ट की कार्यवाही से भाग रहे हैं। पार्टी ने प्रधानमंत्री से एलजी विनय सक्सेना को पद से हटाने की मांग की है।

मनीष सिसोदिया पर एक और FIR

वहीं, दूसरी ओर गुरुवार (16 मार्च) को CBI ने AAP की ‘फीडबैक यूनिट’ से जुड़े एक जासूसी मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सात लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है। इस नयी FIR में सीएम अरविंद केजरीवाल के सलाहकार का भी नाम शामिल है।