Shrikant Tyagi Case: उत्तर प्रदेश के नोएडा की ओमेक्स सोसाइटी में एक महिला को धमकी देने के मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता श्रीकांत त्यागी ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दी है। श्रीकांत त्यागी ने गौतमबुद्धनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में आत्मसमर्पण के लिए आवेदन किया है। कोर्ट ने उसके आवेदन पर विचार कर आत्मसमर्पण के लिए 10 अगस्त की तारीख दी है।

वहीं, दूसरी ओर सूरजपुर कोर्ट ने नोएडा पुलिस से इस केस की रिपोर्ट मांगी है। यूपी पुलिस ने त्यागी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। यूपी एडीजी का कहना है कि इस मामले में स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी, उप-निरीक्षक, 4 कांस्टेबल निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले सोमवार सुबह श्रीकांत त्यागी के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया था। प्रशासन ने नोएडा के सेक्टर 93 स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में कार्रवाई की है।

ऋषिकेश में मिली आखिरी लोकेशन

इसके पहले रविवार (7 अगस्त) को गौतम बुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा ने पीड़ित महिला से मुलाकात करके उसे अगले 48 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। हालांकि अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है और उसकी आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। रविवार को सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी के समर्थन में गुंडे घुस आए। नेता के समर्थक सोसाइटी में पहुंचे, नारेबाजी की और महिला का पता पूछा।

वहीं, खुद को भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा का राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य बताने वाले त्यागी के फेसबुक पर 81,000 और इंस्टाग्राम पर 52,400 फॉलोवर्स हैं। 2019 में इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में, वह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ और मंच से एक विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। श्रीकांत त्यागी ने सिर्फ नोएडा की ओमेक्स सोसाइटी ही नहीं कई और जगहों पर अवैध कब्जा कर रखा है।

  • श्रीकांत त्यागी भंगेल गांव का रहने वाला है। वहां उसने पूरी अवैध मार्केट बना रखी है। इतना ही नहीं वहां बना वर्षा धर्म कांटा भी श्रीकांत त्यागी की ही प्रॉपर्टी है। वहां उसने कई छोटी-छोटी दुकानें भी अपने नाम पर बना रखी हैं। जीएसटी की टीम त्यागी की दुकानों पर पहुंची है। यूपी में श्रीकांत त्यागी के कई अवैध फ्लैट, दुकान और मार्केट हैं। उसके यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड में अवैध कारोबार हैं। अथॉरिटी और पुलिस के बल पर त्यागी का ये साम्राज्य फैला हुआ था।
  • गृह विभाग ने पश्चिम के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। श्रीकांत त्यागी की तलाश में एसटीएफ़ लगाई गयी है और लखनऊ में 6 जगहों पर छापेमारी की गयी है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में भी छापेमारी की गयी है।
  • श्रीकांत त्यागी के पास 6 लग्जरी गाड़ियां हैं।
  • वहीं, श्रीकांत त्यागी को संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर गाज गिरेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सीएम ऑफिस में उन अधिकारियों की फ़ाइल तैयार हो रही है। कुछ डीएम और एसएसपी पर गाज गिरनी तय है।
  • यूपी के पूर्व डीजीपी और बीजेपी सांसद बृजलाल ने श्रीकांत त्यागी पर एक्शन को सही बताते हुए कहा कि यूपी में योगी राज है और यहां अपराधियों की कोई जगह नहीं। श्रीकांत त्यागी फरार एक मुजरिम है जो जल्द गिरफ्तार होगा।
  • श्रीकांत त्यागी को लेकर सपा सांसद एस टी हसन ने कहा कि सरकार उसे बचा रही है या वो पुलिस के हाथ नहीं आ रहा है। मेयर और विधायक की अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलना चाहिए और यहां भी जो गलत करा है उसके यहां बुलडोजर चलना चाहिए।
  • नोएडा में श्रीकांत त्यागी मामले पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तत्परता के साथ अपना काम कर रही है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजें। हम अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो-टोलरेंस की नीति के तहत काम करते हैं।
  • श्रीकांत त्यागी को लेकर सपा नेता सुनील साजन ने कहा कि उन्होंने भाजपा का असली चेहरा सबके सामने ला दिया है। यही है भाजपा।
  • श्रीकांत त्यागी को लेकर को लेकर BJP सांसद कौशल किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार कानून व्यवस्था के मामले में बहुत सख्त है। जो लोग इस तरह की अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं, हमारी सरकार उन्हें बख्शेगी नहीं।
  • श्रीकांत त्यागी को लेकर ओमैक्स सोसाइटी की रहने वाली एक महिला ने कहा कि भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा था कि 48 घंटे के अंदर श्रीकांत त्यागी जेल की सलाखों के पीछे होगा, लेकिन अब तक त्यागी कहां है। महिला ने कहा कि उसकी लोकेशन भी ट्रैक हो रही है, लेकिन वो पकड़ा क्यों नहीं जा रहा है।

जानकारी के अनुसार श्रीकांत त्यागी हरिद्वार में एक सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की तलाश तेज कर दी है। नोएडा पुलिस के अफसर के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, श्रीकांत त्यागी के बेहद करीब पुलिस टीम है। कभी भी उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।