Noida Shrikant Tyagi Case: नोएडा की ओमैक्स सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी को लेकर प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के सुर बदले-बदले नजर आए हैं। श्रीकांत की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा का नेता है, इसलिए गिरफ्तारी में देरी हो रही है। वहीं आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
शिवपाल यादव ने कहा कि आरोपी श्रीकांत को पकड़ना चाहिए और कार्रवाई भी करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हो सकता है कि वो भारतीय जनता पार्टी का है, इसलिए पुलिस नहीं पकड़ पा रही हो, शायद इसीलिए देरी हो रही है। कोई तो बात है। शिवपाल ने कहा कि जो व्यक्ति महिलाओं का अपमान करे, उसको तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। यादव ने श्रीकांत त्यागी के घर पर हो रही बुलडोजर की कार्रवाई को सही करार दिया। उन्होंने कहा कि जो भी अवैध निर्माण कर रहे हैं, उन पर इस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए।
श्रीकांत त्यागी मामले को लेकर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यूपी सरकार त्यागी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसीलिए उनके समर्थकों का मनोबल इतना ज्यादा बढ़ गया कि कल उन्होंने सुसाइटी के अंदर घुसकर फिर से लोगों धमकाया। उन्होंने कहा कि वहां के स्थानीय सांसद महेश शर्मा को यह आकर कहना पड़ता है कि मुझे शर्म आती है कि बीजेपी की सरकार है। सिंह ने कहा कि एक सांसद को इस तरह से कहना पड़ रहा है तो समझा जा सकता है कि किस प्रकार की स्थितियां हैं।
संजय सिंह ने कहा कि श्रीकांत त्यागी की फोटो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ है। यूपी के मुख्यमंत्री के साथ है। बीजेपी के टॉप नेताओं के साथ है। पांच-पांच उसको गनर मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से यह कानून का मखौल उड़ाने वाली बात है। उन्होंने कहा जो वीडियो सामने आया है, वो बनिया कहकर मां की गाली दे रहा है। पूरे समाज को अपमानित कर रहा है। अगर यूपी की योगी सरकार को जरा भी शर्म हो तो उसे गिरफ्तार करना चाहिए। साथ ही जो लोग इस घटना से पीड़ित हैं। उनको सुरक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी आतंक का पर्याय बन गई है।
वहीं श्रीकांत त्यागी की अभी तक गिरफ्तारी न होने के सवाल पर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा कि कार्रवाई हुई है। कल पूरे मामले को लेकर मैंने गृह सचिव से बात की। मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी यह विषय पहुंचा। उन्होंने कहा कि कभी-कभी मीडिया के लोग इल्जाम लगाते हैं कि हमारी सरकार एक पक्षीय कार्रवाई करती है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह बात आज स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि कल रात नौ बजे मेरी अधिकारियों से बात हुई, उसके बात कार्रवाई शुरू हो गई। शर्मा ने कहा कि अधिकारियों ने मुझे भरोसा दिया है। पुलिस की आठ टीमें लगीं हैं। तत्काल उसकी गिरफ्तारी होगी।