Maharashtra by poll: महाराष्ट्र में कांग्रेस ने तीन नवंबर को मुंबई अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार के लिए समर्थन की घोषणा की है। इसी बीच शिवसेना के लोकसभा सदस्य कृपाल तुमाने ने बुधवार (5 अक्टूबर, 2022) को बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े के दो सांसद और पांच विधायक शाम को दशहरा रैली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल होंगे। दो सांसद मुंबई और मराठवाड़ा क्षेत्र से हो सकते हैं।

महाराष्ट्र के रामटेक से सांसद तुमाने ने कहा कि शिंदे गुट की विचारधारा को मानने वाले खुद फोन कर इसमें शामिल हो रहे हैं। वर्तमान में शिंदे गुट में सीएम सहित 40 विधायक और 12 लोकसभा सदस्य शामिल हैं।वहीं ठाकरे गुट के पास 15 विधायक और छह लोकसभा सदस्य हैं। इस साल जून में विभाजन से पहले शिवसेना के पास महाराष्ट्र से 18 और दादरा और नगर हवेली से एक लोकसभा सदस्य थे।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला गुट बुधवार शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए मैदान में दशहरा रैली करेगा। वहीं ठाकरे गुट मध्य मुंबई के दादर में ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में अपनी रैली आयोजित करेगा, जो 1966 में शिवसेना की स्थापना के बाद से जुड़ा हुआ है।

शिंदे और शिवसेना के 39 अन्य विधायकों ने जून में पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिसके बाद ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी। जिसके बाद 30 जून को शिंदे ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

अंधेरी ईस्ट सीट का उपचुनाव उद्धव ठाकरे के लिए क्यों है अहम

बता दें, एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद अंधेरी ईस्ट उपचुनाव उद्धव ठाकरे की साख का सवाल बन गया है। पिछले दो विधानसभा चुनावों से अंधेरी ईस्ट सीट शिवसेना के पास ही थी। ये सीट मुंबई उत्तर पश्चिम संसदीय क्षेत्र के तहत आती है। अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से 2019 में शिवसेना ने जीत हासिल की थी। 2019 चुनाव में यहां 42.67 फीसदी वोट पड़े थे। 2019 में शिवसेना से रमेश लाटके ने निर्दलीय मर्जी पटेल काका को 16965 वोटों के अंतर से हराया था। 2014 के चुनाव में भी शिवसेना का ही इस सीट पर कब्जा था। रमेश लाटके ने उस दौरान बीजेपी के सुनील लालन प्रसाद यादव को शिकस्त दी थी।