राजस्थान में भरतपुर के भाजपा जिला प्रमुख जगत सिंह ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया है। उन्हेंने कहा कि राहुल विदेश में हमारे संविधान पर थूक कर आए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्हें पागलखाने में डाल देना चाहिए। वहां उनका इलाज होगा जिसका खर्च मैं देने को तैयार हूं। वहीं, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को उनके ननिहाल और पीहर भेज देंगे।
पूरी कांग्रेस को जेल में डाल दिया जाएगा- जगत सिंह
जगत सिंह ने सभी कांग्रेसियों को देशद्राही बताते हुए कहा कि अगली बार भाजपा बहुमत से देश की सत्ता में आएगी और पूरी कांग्रेस को जेल में डाल दिया जाएगा। वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने गुरुवार को भरतपुर में यातायात चौराहे पर सभा को संबोधित किया। भरतपुर में कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल कार्यक्रम था।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले सोनिया गांधी को भेजेंगे मायके
इस दौरान सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस के लोग और सुभाष गर्ग कह रहे हैं कि हमने खूब चोरी की बताओ क्या उखाड़ोगे। अशोक गहलोत कहते हैं हमने तो खूब लूटमार मचाई है। मुझे लगता है कांग्रेस पार्टी को राजस्थान से परमानेंट उखाड़ना है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को उनके ननिहाल और मायके भेज देंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में साढ़े चार सालों से अराजकता है, राजस्थान का किसान परेशान है, नौजवान परेशान है, महिलाएं और दलित-वंचित परेशान हैं। साढ़े चार सालों में कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखाधड़ी, ठगी और वादाखिलाफी की।
सतीश पूनिया ने अपने संबोधन में कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था की हमारी सरकार आएगी तो किसानों का पूरा कर्ज माफ कर देंगे। जनघोषणा पत्र में भी कहा कि कर्ज माफ कर देंगे लेकिन 1500 दिन होने के बाद भी राजस्थान के 200 किसानों ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने आगे कहा कि 18000 किसानों की जमीन नीलाम हो गई, किसानों के अपमान का बदला लेना है।
कांग्रेस को परमानेंट डिलीट कर देंगे- सतीश पूनिया
भाजपा नेता ने कहा कि राजस्थान में देश की सबसे ज्यादा बेरोजगारी 28 प्रतिशत है। पेपर लीक होते हैं, जब सरकार लीक होती है तो पेपर लीक होता है। कांग्रेस ने पेपर लीक कर दिए लेकिन प्रदेश की जनता ने तय कर लिया कि कांग्रेस को परमानेंट लीक कर देंगे, डिलीट कर देंगे। पूनिया ने कहा कि मैं यहां नौजवानों के लिए न्याय मांगने आया हूं क्योंकि पेपरलीक का कोई सरगना है तो वह एक संस्था है, जिसकी संरक्षक सोनिया गांधी हैं। इस बार कांग्रेस के पतन का कारण भी BSP (बिजली सड़क और पानी) बनेगा।