INDIA Alliance: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी 2024 में उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, क्योंकि इन सीट पर सहयोगियों को समर्थन देने के लिए संगठन को भी मजबूत करना जरूरी है।
इंडिया गठबंधन के महत्वपूर्ण घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादन ने शनिवार को गोरखपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की सभी 80 सीट पर तैयारी में है। हम गठबंधन के सभी साथियों को साथ लेकर चलेंगे। समाजवादी पार्टी सभी सीट पर तैयारी इसलिए भी कर रही है, क्योंकि जो सीटें गठबंधन सहयोगियों के पास जाएंगी तो हम तभी मदद कर पाएंगे जब समाजवादी पार्टी का संगठन मजबूत रहेगा और बूथ स्तर पर तैयारी रहेगी।’
इससे कुछ ही दिन पहले विपक्षी दलों के भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) के एक प्रमुख घटक दल एसपी ने संकेत दिया था कि वह राज्य में 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष अपने सहयोगियों के लिए छोड़ देगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि संगठन को उन गठबंधन सहयोगियों की मदद करने के लिए तैयार रहना चाहिए जिन्हें चुनाव लड़ने के लिए सीटें मिलती हैं। उन्होंने कहा कि यदि तैयारी नहीं रहेगी तो हम गठबंधन के प्रत्याशियों की मदद कैसे करेंगे. सपा ‘इंडिया’ के साथ है और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) हमारी रणनीति है और इसने एनडीए को परेशान कर दिया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पीडीए इंडिया के साथ है।
मायावती को लेकर जानिए क्या कहा?
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर मचे घमासान पर उन्होंने कहा, “…राजनीति में सबक सीखना चाहिए, इससे ही आगे बढ़ने में मदद मिलती है।” यह पूछे जाने पर कि क्या वह 2024 के चुनाव में बुआ (बसपा प्रमुख मायावती) के साथ जाएंगे, सपा अध्यक्ष ने मजाक में कहा कि वह बहुत पहले ही आगे बढ़ चुकी हैं, आप उन्हें करीब क्यों लाना चाहते हैं।
‘मुख्यमंत्री को कुछ नहीं पता’
उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ”मुख्यमंत्री को कुछ नहीं पता। स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई हैं। अगर कोई गरीब इलाज के लिए जाता है तो उसे इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने अब तक एक भी जिला अस्पताल नहीं बनाया है।” एम्स गोरखपुर के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, ”इसकी स्थापना बड़ी उम्मीदों के साथ की गई थी, लेकिन जिन लोगों को यहां इलाज कराना चाहिए, क्या उन्हें इसका इलाज मिल रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार ही नहीं बल्कि ‘गोरख धंधा’ भी है। हम गठबंधन (भारत) के साथ आगे बढ़ेंगे।”