उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के अंतिम चरणों में पूर्वांचल की जंग बड़ी ही रोचक होती जा रही है। एक तरफ बीजेपी दमखम दिखा रही है तो दूसरी ओर सपा गठबंधन भी पूरे जोर-शोर से प्रचार में जुटा है। अंतिम दौर की इस लड़ाई में सभी दलों के एक-दूसरे पर वार भी तीखे होते जा रहे हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार (03 मार्च 2022) को एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी के अच्छे दिन वाले नारे का मजाक उड़ाया। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ओपी राजभर पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने बुधवार को मऊ में कहा कि सुहेलदेव का सच्चा अनुयायी कभी गौरी-गजनवी के अनुयायियों के साथ कभी खड़ा नहीं हो सकता है।
बुरे दिनों में गैस सिलेंडर 400 रुपये का था अब 1000 में मिलता है: राजभर
ओपी राजभर ने कहा कि भाजपा के लोग आएंगे आपको पढ़ाएंगे, वो कहेंगे कि लैपटॉप और स्मार्टफोन पाओ, लेकिन इससे सावधान रहना। हमारे देश के प्रधानमंत्री जी नारा दिए ऐ गरीबो बुरे दिन चल रहे हैं आओ अच्छे दिन आएंगे और सब लोग चल दिए…. जब बुरा दिन था तब गैस सिलेंडर 400 रुपये में भरी जाती थी। अब 1000 में भरी जाती है। सरसों का तेल बुरे दिनों में 50 रुपये किलो मिल रहा था और अब अच्छे दिनों में 50 रुपये का एक पाव मिल रहा है। जो पेट्रोल 60 रुपये लीटर था वो 100 पार हो गया। प्लेटफॉर्म टिकट जो 5 रुपये का था वो 50 रुपये हो गया। जो 50 हजार की मोटरसाइकिल थी वो 90000 हो गई। हम तो कहते हैं मोदी जी, अमित शाह जी आप अपने अच्छे दिन ले लो और हमें हमारे बुरे दिन लौटा दो।
वे जिन माफियाओं को टिकट दे रहे हैं, वे गरीब राजभरों की हत्या करते हैं: सीएम योगी
उधर मऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ओपी राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वालों के साथ सुहेलदेव का सच्चा अनुयायी कभी खड़ा नहीं हो सकता है। अखिलेश यादव और ओपी राजभर पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि वे जिन माफियाओं को टिकट दे रहे हैं, वे गरीब राजभरों की हत्या कर रहे हैं।
महाराज सुहेलदेव की शौर्यता का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 1000 साल पहले विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी को महाराजा सुहेलदेव ने 3 लाख की सेना समेत परास्त कर दिया था। महराजा सुहेलदेव ने उस दरिंदे को जिंदा जला दिया था। सुहेलदेव इतिहास में पराक्रम का बहुत बड़ा प्रतीक हैं। उन्हें 1000 बाद अगर किसी ने सम्मान दिया तो वो पीएम मोदी ही हैं, जिन्होंने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर डाक टिकट जारी करवाया… स्पेशल ट्रेन चलवाई। सीएम योगी ने कहा कि जब बहराइच में मेडिकल कॉलेज बनने की बात हुई तो मैंने कहा कि इसका नाम महाराज सुहेलदेव के नाम पर ही होगा। बहराइच में जहां पर सालार मसूद को मारा गया था वहां पर महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनवाने का काम भी बीजेपी ही कर रही है। आजमगढ़ में भी महाराजा सुहेलदेव के नाम पर ही विश्वविद्यालय बनवाया गया।
सीएम योगी ने सुनाई महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम की कहानी
महाराजा सुहेलदेव ने राष्ट्रवाद और राष्ट्रधर्म की लड़ाई लड़ी, उनके अनुयायी भटक चुके हैं: सीएम योगी
ओपी राजभर पर तंज कसते हुए सीएम योगी बोले कि महाराजा सुहेलदेव की लड़ाई राष्ट्रवाद और राष्ट्रधर्म की लड़ाई थी, जो सुहेलदेव के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे उन माफियाओं को टिकट क्यों दे रहे हैं, जो राजभरों की हत्या करते थे। सुहेलदेव के नाम पर राजनीति करने वाले लोग उनके रास्ते से भटक चुके हैं।