पंकज रोहिला

राजनीतिक दंगल में कूदने के लिए नए मतदाता भी तैयार हैं। नाम कटने की अफवाहों के बीच मतदाता सक्रिय हुए हैं। नए मतदाताओं के साथ पुराने चेहरे भी चुनाव आयोग जांच के लिए लौट रहे हैं। करीब 5 माह के अंदर दिल्ली की मतदाता सूची में 1.90 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। आयोग के मुताबिक, नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए लगातार पहल की जा रही है। इसके अतिरिक्त लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं को जोड़ने की हर संभव कोशिश की जा रही है। दिल्ली का चुनाव 12 मई को होना है। इसके लिए आयोग 16 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर देगा। आयोग के मुताबिक , इसके लिए सभी चुनाव कार्यालयों पर प्रक्रिया चल रही है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं के नामों की छंटनी प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बाद से एकाएक मतदाताओं की संख्या में कमी देखी गई। नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया के बाद युवा मतदाता केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। इस मामले को लेकर अब तक राजनीतिक घमासान मचा हुआ था। सूत्र बताते हैं कि मतदाताओं को मतदाता सूची से नाम काटने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। अब इन शिकायतों का आंकड़ा करीब 30 तक पहुंच गया है। इन मामलों को जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सौंपा गया है।

बोले नेता
भाजपा दिल में, भाजपा दिल्ली में। भाजपा दिल्ली के दिल में, दिल्ली सुनेंगे और
भाजपा चुनेंगे।
– मनोज तिवारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली

इस बार दिल्लीवासी दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के लिए वोट देंगे, प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं। इस बार दिल्ली की सातों सीट झाड़ू को देंगे।
-अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

पूरे भारत में 44 का चार करना है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 400 पार करना है।
– मजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली वाले 12 मई को चुनाव में वोट डालने जाएंगे। जनता से अपील है कि इस बार रिकार्ड मतदान करें। लोकतंत्र के इस पर्व में मैं खुद जनता से मिलूंगा और मतदान के लिए अपील करूंगा।
-विजय गोयल, केंद्रीय मंत्री
बिगुल बज गया है लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व का कस लो कमर हर एक को जगाना। फिर एक बार चहेते नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।
-प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, सांसद

ये दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का चुनाव है। तेजी से बढ़ते भाजपा परिवार का हिस्सा बनें और अपने कीमती वोट की कीमत पहचानें।
– विजेंद्र गुप्ता, विपक्ष नेता, दिल्ली

आम चुनावों का बिगुल बजा है, अब जनता की बारी है। झूठ से लड़ने की, पुरजोर तैयारी है। झूठों को इस शासन को हम देंगे मात, कमर कसी है हमने, अबकी जीत हमारी है।
-जय प्रकाश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस

देश के लोग और दिल्ली के लोग पिछले 5 साल से इसका इंतजार कर रहे हैं।
– गोपाल राय, प्रदेश संयोजक, ‘आप’ दिल्ली