दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया को भुनाने के लिए नई रणनीतियां बनाई हैं। अंग्रेजी अखबार मेल टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी ने 80 हजार सदस्यों के साथ आईटी सेल की बड़ी टीम बनाई है। इन्हें 272 वार्डों और तीन आईटी चैंबर्स से ऑपरेट किया जा रहा है। इसके लिए 280 सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। आईटी सेल भाजपा के पंडित पंत मार्ग पर स्थित राज्य ऑफिस में है। चैंबर में 15 सीनियर लेवल के साइबर विशेषज्ञ हैं, जो कि पूरे ऑपरेशन को मॉनिटर कर रहे हैं और दिल्ली में सोशल मीडिया कैम्पेन चला रहे हैं।
रिपोर्ट में एक वॉलियंटर के हवाले से लिखा है, ‘हम लोग सोशल मीडिया के जरिए हर एक मतदाता पर पहुंचेंगे। जिनके पास व्हॉट्सएप नहीं है, उनके लिए हमारे पास बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। और जो लोग टेक सेवी हैं, उनके लिए हमारे पास इंस्टाग्राम, फेसबुक और टि्वटर है।’ रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दिल्ली के 14 जिलों से ऑपरेट हो रही टीम 8000 व्हॉट्सएप ग्रुप पर सक्रिय है। इन पर 10 वर्षों में पार्टी की उपलब्धियों के बारे में बताया जा रहा है।
यह टीम पीएम मोदी और भाजपा सरकार की उपलब्धियों के साथ ही दिल्ली सरकार की नाकामियों के बारे में भी लोगों को सोशल मीडिया के जरिए बताएगी। साथ ही रिपोर्ट में बताया गया है कि पार्टी ने फैसला किया है कि इस बार चुनाव में नए चेहरे उतारे जाएंगे, इसके बाद पार्टी के पास आवेदनों की भीड़ लग गई है। यह भी बताया गया है वोट मांगने जब पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं के घर जाएंगे तो उम्मीदवारों का प्रोफाइल भी दिया जाएगा।
भाजपा चुनाव के मद्देनजर नामी गिरामी हस्तियों को शामिल करने के अलावा प्रचार अभियान के लिए अब खुद का चुनावी थीम सॉन्ग लॉन्च करेगी। बताया जा रहा है कि खुद लोक गायक रहे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आगामी चुनावों को लेकर एक गीत की इच्छा जाहिर की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा था, ‘एमसीडी चुनावों के लिये हमारे पास एक गीत होना चाहिए। इसकी शुरूआती पंक्तियां कुछ इस तरह हो सकती हैं : ‘जिय हो दिल्ली के बाला’ या कुछ इसी तर्ज पर। इस पर काम किया जा सकता है।’