Jayant Patil Suspended: राकांपा के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल (NCP Leader Jayant Patil Suspended) को गुरुवार (22 दिसंबर, 2022) को महाराष्ट्र विधानसभा से मौजूदा शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। जयंत पाटिल (Jayant Patil) ने सदन के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर (Rahul Narvekar) के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद उनके खिलाफ कार्यवाही की गई।

एनसीपी विधायक जयंत पाटिल की राहुल नार्वेकर के खिलाफ टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। राज्य के संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने महाराष्ट्र एनसीपी प्रमुख जयंत पाटिल के खिलाफ निलंबन प्रस्ताव पेश किया। एनसीपी विधायक के खिलाफ ये प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया।

राकांपा नेता जयंत पाटिल 30 साल से ज्यादा वक्त से सदन के सदस्य हैं। जयंत पाटिल को नागपुर और मुंबई विधानसभा दोनों के परिसर में प्रवेश करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सोमवार से शुरू हुआ राज्य विधानसभा का सत्र 30 दिसंबर तक चलेगा।

जानिए कौन हैं जयंत पाटिल

जयंत पाटिल तीन दशक से अधिक समय से महाराष्ट्र विधानसभा में इस्लामपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पाटिल, उद्धव ठाकरे मंत्रालय में जल संसाधन विभाग के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वो ग्रामीण विकास मंत्री, वित्त मंत्री और महाराष्ट्र के गृह मंत्री रह चुके हैं। जयंत पाटिल ने 1990 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर सांगली जिले के वालवा से चुनावी मैदान में उतरे थे, तब से उन्होंने इस्लामपुर-वालवा निर्वाचन क्षेत्र का सात बार प्रतिनिधित्व किया। वो 30 साल से अधिक समय से सदन के सदस्य बने हुए हैं।

जयंत पाटिल ने 10 बार महाराष्ट्र सरकार का बजट पेश किया

जयंत पाटिल के नाम एक और रिकॉर्ड है। पाटिल ने ने 39 साल की उम्र में अपना पहला बजट पेश करते हुए महाराष्ट्र के सबसे कम उम्र के वित्त मंत्री बने। उन्होंने लगातार 10 बार महाराष्ट्र सरकार का बजट पेश किया।

वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार का दावा है कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में सत्तारूढ़ दल के विधायक सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे थे।