कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के प्रचार सामग्री में उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रचार के लिए बैनर और अन्य जगहों पर केवल सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की तस्वीरों का ही इस्तेमाल हो।

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने पत्र 22 अक्टूबर को लिखा था, लेकिन सोशल मीडिया पर यह रविवार को सामने आया। दिग्विजय सिंह ने यह पत्र मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को लिखा था। हालांकि उन्होंने इसे मीडिया में जारी नहीं किया था। कमलनाथ को लिखे पत्र में दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर में मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी और उसके बाद राजस्थान चली जाएगी।

दिग्विजय सिंह के पत्र पर एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन पाने की पीड़ा दिग्विजय सिंह जी भूला नहीं पा रहे हैं। इसलिए उन्होंने मध्यप्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में अपने पोस्टर लगाने से मना कर दिया है।”

वहीं राज्य के कर्ज को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “मध्यप्रदेश को विकासशील से विकसित प्रदेश बनाने के लिए सरकार कर्ज ले रही है। किसान को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को रोजगार देने के लिए ले जाने वाले लोन पर सवाल उठाने वाले कमलनाथ जी आपने तो सलमान और जैकलीन पर खर्च करने के लिए लोन लिया था।”

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने पहले ही निश्चित कर लिया कि दिग्विजय सिंह का फोटो कहीं जाएगा ही नहीं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पैर पड़े संतन के, तंह-तंह बंटाधार। उन्होंने कहा कि यह तो निश्चित हो चुका है कि जहां दिग्विजय सिंह के पोस्टर लगेंगे, वहां वोट कम हो जाएंगे।

अपने पत्र में दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा को अभूतपूर्व सफलता मिली है। देश में पिछले 7-8 सालों से व्याप्त नफरत के खिलाफ प्यार और सद्भावना के संदेश को लेकर चल रही यात्रा का लाखों-लाख लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है।