Mainpuri Bypoll: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह (Mulayam Singh Yadav) के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर, 2022 को होने जा रहे उपचुनाव में सपा ने डिंपल यादव (Dimple Yadav) को मैदान में उतारा है, लेकिन रविवार (20 नवंबर, 2022) को जसवंतनगर में मंच पर अखिलेश यादव ने जैसे ही शिवपाल यादव के पैर छुए तो उनके सुर बदल गए। इसके बाद शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा।

प्रसपा प्रमुख शिवपाल (Shivpal Yadav) ने कहा कि जब कभी हम यहां आते थे तो जनता कहती थी कि एक हो जाएं, तब ही भाजपा को शिकस्त दी जा सकती है तो आज हम एक हो गए हैं। इस दौरान शिवपाल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए कोई काम नहीं किया। सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। भाजपा ने पूरे प्रदेश की जनता को परेशान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में जनता को जाना पड़ता है तो वहां से बेइज्जत होकर लौटना पड़ता है। लोगों को रिश्वत देनी पड़ रही है। नौकरशाही बेलगाम है।

काफी लंबे वक्त बाद अखिलेश के साथ मंच साझा कर रहे शिवपाल ने कहा कि भाजपा सरकार बेईमान है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से जसवंतनगर में सड़क, बिजली और पानी को लेकर कोई काम नहीं हुआ है। सिर्फ बिजली के छापे और कार्रवाई हो रही है। सिर्फ लोगों को परेशान किया जा रहा है।

शिवपाल ने कहा कि जनता चाहती थी हम एक हो जाएं, अब हम एक हो गए। उन्होंने जसवंतनगर की जनता से कहा कि यह अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप सभी अपना पुराना वाला रिकॉर्ड तोड़ना है। डिंपल यादव को एतिहासिक जीत दिलानी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर डिंपल यादव के समर्थन में वोट दिलवाने का संकल्प करवाया।

प्रसपा प्रमुख ने कहा कि पहले 91 हजार वोटों से जीत हुई थी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रतिष्ठा का चुनाव है। ऐसे वक्त में जब-जब सरकार ने ऐसी चुनौती दी है, हमारे जसवंतनगर के लोगों ने इसका जवाब दिया है और फतह हासिल की है। शिवपाल ने सपा कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि चुनाव में बहुत साजिशें भी हो सकती हैं।