मध्‍य प्रदेश के इंदौर में सोमवार (29 अक्टूबर) को कांग्रेस नेता शशि थरूर के बयान का विरोध करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। लेकिन इस प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि ये प्रदर्शन भाजपा के लिए ही शर्मिंदगी और सोशल मीडिया पर ट्रोल होने का कारण बन गया। दरअसल, भाजपा नेताओं ने नारेबाजी के दौरान अपनी ही पार्टी के लिए मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। अब कांग्रेस ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है।

इंदौर के बीजेपी कार्यकर्ता सोमवार को कांग्रेस नेता शशि थरूर के बयान का विरोध करने के लिए राजबाड़ा में राजमाता अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा के नीचे बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के नगर अध्यक्ष गोपी कृष्ण नेमा कर रहे थे। मंच से एक कार्यकर्ता कांग्रेस मुर्दाबाद का नारा लगवा रहा था। अचानक कार्यकर्ता ने कांग्रेस की जगह बीजेपी का नाम ले लिया। नीचे बैठकर नारा लगा रहे बीजेपी कार्यकर्ता अचानक हुए इस परिवर्तन को भांप नहीं सके और मुर्दाबाद का ही नारा लगाया। नारा लगाने में लगातार दो बार हुई गलती के बाद वरिष्ठ नेताओं ने उठकर भूल सुधार करवाई। लेकिन तब तक ये वाकया कैमरे में कैद हो गया था।

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश यादव ने इस पर चुटकी लेते हुए स्थानीय मीडिया से कहा कि शिवभक्तों को माता अहिल्याबाई देख रही हैं। ये उन्हीं का प्रताप है कि धर्म का राजनीतिकरण करने वाली भाजपा के कार्यकर्ताओं की बुद्धि भगवान ने हर ली है। वहीं भाजपा के नगर अध्यक्ष गोपी कृष्ण नेमा ने इसे छोटी बात और मानवीय भूल बताया है।

बता दें कि शशि थरुर ने रविवार (28 अक्टूबर) को बेंगलुरु लिटरेचर फेस्टिवल के दौरान अपनी नई किताब ‘The Paradoxical Prime Minister’के बारे में बात करते हुए कहा था कि एक बार आरएसएस के एक अज्ञात व्यक्ति ने कमाल की उपमा देते हुए कहा था कि “मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह हैं, जिसे आप अपने हाथों से नहीं हटा सकते और ना ही आप उसे चप्पल मारकर हटा सकते हैं।” थरुर ने अपनी बात को समझाते हुए कहा कि उनका कहने का मतलब था कि यदि आप बिच्छू को हाथ से हटाएंगे तो वह आपको काट सकता है। वहीं अगर आप उसे चप्पल मारकर हटाएंगे तो इससे लोगों की आस्था को चोट पहुंचने का डर है। इंदौर के भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस नेता शशि थरूर के इसी बयान का विरोध करने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे।