भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार (1 जून, 2022) को कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सबसे पुरानी पार्टी में 40 महामंत्री और 156 मंत्री हैं लेकिन मध्य प्रदेश में कोई कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने एक कांग्रेस कार्यकर्ता के हवाले से ये बात कही है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, “मैं कल एक कांग्रेस कार्यकर्ता से मिला, उसने मुझे बताया कि उनके पास 40 महामंत्री और 156 मंत्री हैं लेकिन कोई कार्यकर्ता नहीं है। भाजपा राष्ट्र की नीति का पालन करती है। हमें देश के लिए काम करना है। हमारी इच्छा ही हमें भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने वाले कार्यकर्ता देती है।”
जेपी नड्डा बुधवार को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं, यहां हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष ने भोपाल में स्थित गुरुद्वारा नानक टेकरी का दौरा किया। नड्डा ने कहा, ’70 साल हो गए, लेकिन सिखों की जरूरतों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। करतारपुर कॉरिडोर के जरिए भारत को पाकिस्तान से जोड़ने का काम पीएम नरेंद्र मोदी ने 120 करोड़ रुपये की लागत से किया था।’
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नड्डा भोपाल में मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यकारी बैठक को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के सभी बड़े नेता और संभाग अध्यक्ष स्तर के कैडर के नेता शामिल होंगे। वह गुरुवार को अपनी पत्नी के गृहनगर जबलपुर जाएंगे और कई संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। नड्डा ने मल्लिका बनर्जी से शादी की है, जो भाजपा नेता और जबलपुर से पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी की बेटी हैं।
इसके अलावा, नड्डा पार्टी के संभागीय कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करेंगे, जहां आदिवासी बहुल महाकौशल क्षेत्र के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बीजेपी अध्यक्ष जबलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा को भी संबोधित करेंगे। उनकी इस यात्रा को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से लेकर 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 में लोकसभा चुनावों तक सभी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने के लिए पार्टी द्वारा शुरुआती कदम के रूप में देखा जा रहा है।