Madhya Pradesh Bus Accident News In Hindi: मध्य प्रदेश के धार जिले में खालघाट संजय सेतु (नर्मदा नदी) में महाराष्ट्र रोडवेज की बस गिर गई और इस हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो गई। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव का कार्य जारी है। यह बस इंदौर से पुणे जा रही थी और बस में कुल 55 यात्री सवार थें। अबतक 13 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और 15 लोगों को जिला प्रशासन ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला है।
बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थें। बस पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। बताया जाता है कि गलत दिशा से एक वाहन आ रहा था और इसी कारण यह हादसा हुआ। एनडीआरएफ की टीम भी हादसे वाली जगह पहुंच चुकी है और राहत-बचाव कार्य जारी है। वहीं इंदौर के कमिश्नर ने खरगोन और धार के कलेक्टर को भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश के धार में हुआ बस हादसा दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। बचाव कार्य जारी है और स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। बस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे। जबकि घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।”
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना को संज्ञान में लिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “धार जिले के खलघाट में बस के नर्मदा नदी में गिरने से हुई दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया, “दुर्घटना स्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है। खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे, मैं व संपूर्ण प्रदेश साथ है।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने एमएसआरटीसी (महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम) को नर्मदा नदी में एमएसआरटीसी बस दुर्घटना में मृतक के परिजनों को 10-10 लाख का मुआवजा देने का निर्देश दिया है।
वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी घटना को लेकर सन्देश जारी किया है। उन्होंने कहा, “धार जिले के खलघाट मे नर्मदा नदी में सवारियों से भरी एक बस के गिरने की दुखद जानकारी मिली है। मैं सरकार व प्रशासन से माँग करता हूँ कि युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर लोगों को राहत पहुँचाने का काम किया जाए। ईश्वर से सभी को सकुशल रखने की कामना करता हूँ।”
दुर्घटना को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने ट्वीट कर लिखा, “मध्य प्रदेश के धार में महाराष्ट्र एसटी बस (इंदौर से अमलनेर) दुर्घटना में जान गंवाने के बारे में जानकर दुख हुआ। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। मैं धार (एमपी) कलेक्टर और महाराष्ट्र एसटी अधिकारियों के संपर्क में हूं और वे बचाव अभियान और घायल यात्रियों को चिकित्सा सहायता और उपचार के लिए समन्वय कर रहे हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना करता हूं।”