MP Politics: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकरी सभी राजनीतिक दल एक्टिव हो गए हैं। इसी को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाने से नहीं चूक रहे हैं तो एक-दूसरे पर तंज भी कस रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के उन्हें व कमलनाथ को बुढ़ऊ कहने पर चुनौती दी।

दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘कैलाश विजयवर्गीय मेरे साथ चलकर देख लें तो पता चल जाएगा कि कौन जवान है और कौन बूढ़ा है। वहीं उन्होंने कांग्रेस के बागी ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी याद किया। सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया को कांग्रेस ने बहुत कुछ दिया है। उनसे मेरा पारिवारिक संबंध था। मुझे जरा भी उम्मीद नहीं थी कि वे कांग्रेस को धोखा देकर चले जाएंगे।

दिग्विजय बोले- सिंधिया को लेकर हमें भरोसा नहीं था

उन्होंने कहा, “जब यह खबरें उड़ रही थीं कि कुछ लोग बिक सकते हैं तो हमें विश्वास नहीं होता था कि इस श्रेणी में सिंधिया भी आ जाएंगे। उन्होंने डंपर घोटाले को उठाते हुए कहा कि जैसे ही शिवराज सिंह चौहान सीएम बने तो उन्होंने डंपर खरीदे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य सभी नेता जो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए वह मेरे रहते कभी कांग्रेस में वापस नहीं आ पाएंगे।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम जय श्री राम का नारा नहीं लगाते, जय सियाराम का नारा लगाते हैं, क्योंकि हमारे लिए माता सीता का भी भगवान राम के जितना आदर है। हालांकि हम जय सियाराम के नारे को लेकर चुनाव में नहीं उतरेंगे, क्योंकि हम धर्म को राजनीति में हथियार के रूप में इस्तेमाल नहीं करते। विधानसभा टिकट वितरण को लेकर दिग्विजय ने कहा कि सर्वे का काम जारी है। कांग्रेस एकजुट है। चुनाव से दो-ढाई महीने पहले कांग्रेस टिकट की घोषणा कर देगी।

कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा था?

26 मई को भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को बुढ़ऊ कहा था। उन्होंने यह टिप्पणी भोपाल में हुई कार्यसमिति की बैठक में की थी।

कार्यसमिति की बैठक में सत्र के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि कांग्रेस के बारे में क्या कहूं। कांग्रेस के दो जासूस बोलूं, बुढ़ऊ बोलूं, क्या बोलूं? घूम रहे हैं… 75-75 साल की उम्र है…। वे जब चलते हैं, खाली चाल ही देख लो आप। कमलनाथ जी जब चलें तो उसका एक वीडियो निकाल लेना और शिवराज जी चलें तो उसका वीडियो निकाल लेना। स्पीड से पता लग जाएगा कि भारतीय जनता पार्टी कितनी तेज है।

पीसी शर्मा ने किया था पलटवार

कैलाश विजयवर्गीय पर पलटवार करते हुए कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा था कि बीजेपी ने जिस तरह से अपने बुजुर्ग नेताओं का अपमान किया। लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को घर बैठा दिया। अब कांग्रेस के नेताओं को बुजुर्ग कहकर अपमानित कर रहे हैं। शर्मा ने कहा था कि कैलाश विजयवर्गीय जी, आप दिग्विजय सिंह की वजह से बचे हुए हो, नहीं तो पेंशन कार्ड में आपका पता नहीं लगता। जब आप महापौर बने थे, तो इनकी बदौलत बने थे। जब उन्होंने कहा था कि विधायक भी महापौर बन सकता है।