भाजपा ने मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की है। इस जीत से भाजपा ने कांग्रेस की राज्यसभा सीट जीतने की उम्मीदों को झटका दिया है। गुरुवार को जारी नतीजों में भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे ने कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री प्रताप सिंह उईके को 13,182 मतों के अंतर से पराजित किया। धुर्वे ने 82,304 मत और उईके ने 69,122 मत हासिल किए। भाजपा ने 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से 8,084 मतों से जीत हासिल की थी। इस प्रकार भाजपा ने उपचुनाव में अपनी जीत के अंतर को और अधिक किया है। भाजपा विधायक सज्जन सिंह उईके के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराना पड़ा।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से राज्य सभा के लिए वकील विवेक तनखा को खड़ा किया है। उसे तनखा की जीत के लिए 58 विधायक चाहिए लेकिन 230 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास केवल 57 ही विधायक हैं। घोड़ाडोंगरी उपचुनाव में जीत के बाद भाजपा ने राज्य सभा की तीसरी सीट के लिए भी ताल ठोक दी है। भाजपा ने मध्य प्रदेश से एमजे अकबर ओर अनिल दवे को खड़ा किया है। साथ ही पार्टी के महासचिव विनोद गोठिया निर्दलीय के रूप में खड़े हैं। अगर कांग्रेस विवेक तनखा को नहीं जिता पाती है तो संसद के ऊपरी सदन में उसकी संख्या में और कम हो जाएगी।
उपचुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने जोरदार ढंग से चुनाव प्रचार किया था। कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ चुनाव प्रचार में शामिल हुए थे। वहीं भाजपा की ओर से सीएम शिवराज सिंह चौहान और अन्य पार्टी नेताओं ने प्रचार किया।
Read Also: जानिए क्यों गुजरात से आकर यूपी में राज्यसभा चुनाव लड़ रही हैं मोदी समर्थक प्रीति महापात्रा
