मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी दौरान उपचुनाव वाली सीटों में से एक डबरा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते हुए राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ भाजपा महिला उम्मीदवार इमरती देवी को ‘आइटम’ बता गए। कमलनाथ के बयान वाला एक वीडियो क्लिप भी सामने आया है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कमलनाथ कह रहे हैं कि “सुरेश राजे जी हमारे उम्मीदवार हैं, सरल स्वभाव के सीधे साधे व्यक्ति हैं। ये उसके जैसे नहीं हैं…क्या है उसका नाम? (इस दौरान लोगों की भीड़ चिलाती है इमरती देवी) मैं क्या उसका नाम लूं। आप तो उसे मेरे से ज्यादा पहचानते हैं। ये क्या आइटम है।” वहीं कमलनाथ के इस बयान पर भाजपा ने उन्हें निशाने पर ले लिया है।

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने तो ट्वीट कर कमलनाथ को उनके इस बयान के लिए आड़े हाथों लिया है। शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट में लिखा कि “कमलनाथ जी! इमरती देवी उस गरीब किसान की बेटी का नाम है, जिसने गांव में मजदूरी करने से शुरुआत की और आज जनसेवक के रूप में राष्ट्रनिर्माण में सहयोग दे रही हैं। कांग्रेस ने मुझे भूखा-नंगा कहा और एक महिला के लिए आपने आइटम जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी। ”

बता दें कि डबरा सीट पर कांग्रेस ने सुरेश राजे और भाजपा ने इमरती देवी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा के टिकट प संतोष गौड चुनाव मैदान में हैं। एमपी उपचुनाव के लिए 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और इसके नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश में जिन सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, डबरा, भांडेर, करैरा, पोहरी, बामोरी, अशोक नगर, मुंगावली, सुरखी, मलहरा, अनूपपुर, सांची, ब्वावरा, आगर, हाटपीपल्या, मांधाता, नेपानगर, बदनावर, सांवेर, सुवासरा सीट का नाम शामिल है। इन सीटों पर चुनाव के लिए 14 मंत्री चुनाव मैदान में हैं। जिनमें एंदल सिंह कसाना, सुरेश धाकड़, ब्रजेन्द्र सिंह यादव, तुलसीराम सिलावट, गिर्राज डंडौतिया, गोविंद सिंह राजपूत, ओपीएस भदौरिया, डॉ. प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, महेंद्र सिंह सिसौदिया, हरदीप सिंह दांग और बिसाहूलाल सिंह का नाम शामिल है।