मध्यप्रदेश में कैबिनेट विस्तार के बाद भाजपा का अब भाजपा का पूरा फोकस राज्य में होने वाले 24 सीटों के उपचुनाव पर हो गया है। पार्टी इस उपचुनाव को जीतने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। माना जा रहा है कि इसी साल सितंबर में उपचुनाव कराए जा सकते हैं।

दिप्रिंट ने भाजपा सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि भाजपा ने उपचुनाव प्रचार अभियान के पहले चरण के तहत 60 वर्चुअल रैलियां करने की योजना बनाई है। इसके अलावा दूसरे चरण में 24 सामान्य रैलियां की जाएंगी। प्रचार अभियान का दूसरा चरण अगस्त में शुरू होगा। खबर में कहा गया है कि पार्टी की योजना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा के चुनाव अभियान से जुड़ने से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने की है।

खबर में पार्टी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पहले चरण के प्रचार अभियान के दौरान 24 सीटों पर 60 वर्चुअल रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया संयुक्त रूप से वास्तिवक रैलियां करेंगे। 9 जुलाई को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी एक वर्चुअल रैली करेंगे।

इस चुनाव में पार्टी ने लोगों तक पहुंचने के लिए 65 हजार वाट्सऐप ग्रुप की मदद लेगी। पार्टी इस चुनाव में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सरकार की ‘लूट’ को लेकर जनता के बीच जाएगी। इतना ही नहीं चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को रेवा में एशिया के सबसे बड़े 750 मेगावाट के सौर ऊर्जा परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और वरिष्ठ पार्टी नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पिछले महीने ही राज्य में वर्चुअल रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा इस उपचुनाव में पहले से मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।

मध्यप्रदेश उप चुनाव में इस बार सिंधिया और शिवराज मिलकर पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की जोड़ी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। ज्योतिरादित्य इस उपचुनाव को पहले ही सिंधिया-शिवराज बनाम कमलनाथ-दिग्विजय की जोड़ी की लड़ाई घोषित कर चुके हैं। मुंगावली में एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए सिंधिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव अभियान तेज करने को कहा था।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि वह लोगों से कहें कि जनता सिंधिया-शिवराज और कमलनाथ-दिग्विजय  की जोड़ी में अपनी पसंद को वोट दे। सिंधिया अशोकनगर और बामोरी में भी वर्चुअल रैली कर चुके हैं।