मध्यप्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव (Assembly Elections in Madhya Pradesh) होने वाले हैं और सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस भी पूरे जोश के साथ मैदान में है और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Former MP CM Digvijay Singh) पूरे प्रदेश की यात्रा कर रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया, जिससे बीजेपी उनके ऊपर हमलावर हो गई। दरअसल दिग्विजय सिंह ने मोहम्मद अली जिन्ना को जिन्ना साहब कह कर संबोधित कर दिया।
जिन्ना राष्ट्रपति रहे हैं: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह शुक्रवार को छतरपुर के बिजावर के दौरे पर थे। वहां पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने इंडियन मुस्लिम लीग से जुड़े सवाल के जवाब में कहा, “इंडियन मुस्लिम लीग (Indian Muslim League) अलग है और जिन्ना साहब की मुस्लिम लीग अलग है। जिन्ना साहब मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि वह राष्ट्रपति रहे हैं और उनका सम्मान लालकृष्ण आडवाणी ने भी किया था। स्वर्गीय जसवंत सिंह ने उनको एक सेक्युलर बताया था।”
दिग्विजय सिंह के इसी बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है और जिन्ना को जिन्ना साहब कहने पर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रवक्ता गोविंद मालू ने कहा कि पहले दिग्विजय सिंह ने ओसामा को ओसामा जी कहा और अब जिन्ना को जिन्ना साहब।
गोविंद मालू ने ट्वीट करते हुए लिखा, “ओसामा जी के बाद,जाकिर शांति दूत अब जिन्ना साहेब। वाह! धिक्कार राजा ! वायनाड की मुस्लिम लीग हो या जिन्ना की, कांग्रेस उसकी स्लीपर सेल ही तो है। अल्लामा इक़बाल की आरती उतारने, टीपू को महान सुल्तान, जिन्ना को आदर देने वाले,भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगाने वाले कौन है!कांग्रेसी।”
राहुल गांधी ने दिया था बयान
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर है और इस दौरान उन्होंने इंडियन मुस्लिम लीग को लेकर बड़ा बयान दिया था। उनसे पूछा गया कि वह इंडियन मुस्लिम लीग के बारे में क्या सोचते हैं जो कि केरला की पार्टी है? इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि वह एक पूरी तरह से सेक्युलर पार्टी है।