Lok Sabha Election 2019: भाजपा छोड़ कांग्रेस के टिकट पर बिहार के पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ रहे शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा उत्तर प्रदेश के लखनऊ सीट से केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को टक्कर दे सकती हैं। ऐसी चर्चा है कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा उन्हें अपने टिकट पर लखनऊ सीट से मैदान में उतारने वाली है। हालांकि, अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। मंगलवार की शाम तक औचारिक ऐलान हो सकता है। वहीं, बुधवार (17 अप्रैल) को पूनम सिन्हा लखनऊ सीट से नामांकन दाखिल कर सकती हैं।

सपा-बसपा गठबंधन राजनाथ सिंह के खिलाफ लखनऊ से ऐसे चेहरे को उतारने की तैयारी में है, जो भाजपा की मजबूत पकड़ माने जाने वाले इस सीट पर राजनाथ सिंह को चुनौती दे सके। कुछ दिनों पहले शत्रुघ्न सिन्हा की मुलाकाता सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से हुई थी। चर्चा है कि इसी मुलाकात के दौरान पूनम सिन्हा को लखनऊ से गठबंधन का उम्मीदवार बनाए जाने पर फैसला लिया गया। हालांकि, तब शत्रुघ्न सिन्हा को पहले कांग्रेस में शामिल होने को कहा गया था ताकि इस सीट पर कांग्रेस का भी समर्थन गठबंधन उम्मीदवार को मिल सके।

पूनम सिन्हा को यहां से उम्मीदवार बनाए जाने के पीछे कई सारी वजहें बताई जा रही है। पहली वजह ये है कि लखनऊ लोकसभा सीट पर स्वजातिय कायस्थ वोटरों की अच्छी पकड़ है। करीब ढ़ाई लाख कायस्थ वोटर यहां हैं। वहीं, लंबे समय तक भाजपा में रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा के खिलाफ इन दिनों काफी मुखर हैं और उनकी छवि भी अन्य नेताओं से थोड़ी अलग है।

नवाबों के इस शहर पर पिछले 28 साल से भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। उसमें भी लंबे समय तक पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 1991, 1996,1998,1999 और 2004 के लोकसभा चुनावों में इस सीट से वाजपेयी जी विजयी रहे थे। 2009 में यहां से लाल जी टंडन जीते और 2014 में राजनाथ सिंह इस सीट से भारी मतों से जीतें। इस बार भी भाजपा ने राजनाथ सिंह को ही मैदान में उतारा है।