उत्तर प्रदेश की बदायूं लोकसभा पर कल मतदान होना है। इससे ठीक पहले पुलिस ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया है।
वजह उनका बयान है जिसमें वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करते सुनाई दिए हैं। बसपा नेताओं ने कहा कि मामला तब सामने आया जब घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ और एक टेलीविजन चैनल पर प्रसारित हुआ।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने कहा कि बसपा के बदायूं जिला अध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में शिवपाल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 504 (जानबूझकर अपमान) और 505-2 (वर्गों के बीच दुश्मनी, घृणा या दुर्भावना पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राम प्रकाश त्यागी ने राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से भी मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
बदायूं से शिवपाल के बेटे लड़ रहे चुनाव
बदायूं लोकसभा से यूपी के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव सपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा ने मुस्लिम खान और बीजेपी ने यहां से दुर्विजय सिंह शाक्य मैदान में उतारा है। कल यहां मतदान होना है।
शिवपाल यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले बदायूं पुलिस उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से निशाना बना रही है और हिरासत में ले रही है। फिलहाल शिवपाल सिंह यादव पर दर्ज हुए मामले को लेकर अखिलेश यादव की ओर से किसी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बात की जाए बदायूं लोकसभा की तो यहां से सपा ने 1996 से 2014 तक लगातार जीत हासिल की थी लेकिन 2019 में बीजेपी ने यह सीट अपने कब्जे में ले ली थी।