भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में देशविरोधी नारे लगाने वालों का ‘वोट बैंक’ की राजनीति के लिए पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि संसद में बैठे सभी पार्टियों के नुमाइंदे बताएं कि राष्ट्रविरोधी नारेबाजी करना अभिव्यक्ति की आजादी है या देशद्रोह।
शाह ने यहां राजा सुहेलदेव की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर आयोजित जनसभा में कहा- आज संसद में चर्चा हो रही है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर देशविरोधी नारों को सहन किया जाए या नहीं। मैं खासकर कांग्रेस और उसके कार्यकर्ताओं से पूछना चाहता हूं कि जो लोग भारत विरोधी नारे लगाते हैं क्या वे देशद्रोही नहीं हैं। देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी संसद में हर पार्टी के नुमाइंदे बैठे हैं, मैं चाहता हूं कि वे साफ कर दें कि इस तरह के नारे लगाना अभिव्यक्ति की आजादी है या देशद्रोह है। यह देश की जनता को भी तय करना है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को घेरते हुए शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हंू कि वह जनता के सामने साफ करें कि क्या वह इन नारों का समर्थन करते हैं। अगर नहीं करते हैं, तो इसकी निंदा करें। राहुल जी वोट बैंक की राजनीति के लिए इतना नीचे मत उतरिए। यह देश हजारों शहीदों के जीवन के कुरबानी के कारण आजाद हुआ। आप अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर देश को तोड़ने वाली ताकतों का समर्थन करते हैं।
शाह ने राजा सुहेलदेव के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि सुहेलदेव के काम से न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे हिंदुस्तान में उनका नाम श्रद्धा से लिया जाता था। उन्होंने कहा कि जब विदेशी हमलावर सालार गाजी विश्व प्रसिद्ध सूर्यकुंड को तोड़ने के लिए आया था तो सुहेलदेव ने उसके अभियान को यहीं खत्म कर दिया था।
सुहेलदेव ऐसे लड़े थे कि न सिर्फ गाजी बल्कि उसकी पूरी सेना खत्म हो गई थी। आज भी स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ने वाले उस सुहेलदेव का स्मरण किया जाता है तो युवा प्रेरणा लेते हैं। जो अपने वीर पुरखों को याद नहीं करते, वे इतिहास नहीं बना सकते। उन्होंने कहा कि आज यहां पर सुहेलदेव की मूर्ति का अनावरण कर गांव-गांव के युवा और आने वाली पीढ़ियों को संदेश दिया जाएगा कि कैसे आक्रमणकारियों को हराया जाता है।
इससे पहले लखनऊ में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। शाह उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैंं। यूथ कांग्रेस लखनऊ लोकसभा सीट संयोजक मनोज तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद पथ पर शाह को काले झंडे दिखाए। शाह लखनऊ हवाई अड्डे से बहराइच जा रहे थे।